मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में निवेश आ रहा है और भाजपा शासित प्रदेश जनता के सहयोग से तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है. स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में यादव ने कहा कि राज्य में कई ऐसी परियोजनाओं पर काम चल रहा है, जिनसे विकास को गति मिलेगी.
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से कई सौगातें मिली हैं. धार में कपड़ा क्षेत्र में पीएम मित्र पार्क बनाया जा रहा है और ग्वालियर में दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र विकसित किया जा रहा है. अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से प्रगति हो रही है और कई अन्य क्षेत्रों में भी निवेश आ रहा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे विश्वास है कि प्रदेश की जनता के सहयोग से विकास का यह कारवां इसी तरह आगे बढ़ता रहेगा.
CM ने शहीदों और देशभक्तों को श्रद्धांजलि अर्पित की
सीएम ने स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीदों और देशभक्तों को श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस सभी के लिए विशेष पर्व है, जो आत्ममंथन करने, भविष्य की दिशा तय करने और प्रदेश के विकास में अपने योगदान की योजना बनाने का अवसर प्रदान करता है.
मुख्यमंत्री ने आगामी त्योहारों का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि यह सुखद संयोग है कि इस महीने स्वतंत्रता दिवस के साथ ही हम पवित्र रक्षाबंधन का त्योहार भी मना रहे हैं. इसके कुछ ही दिन बाद भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव का पर्व जन्माष्टमी और फिर गणेश उत्सव प्रदेशवासियों के उत्साह को और बढ़ाएंगे.
ये भी पढ़ें- बारिश के बीच निकली बागेश्वर महाराज की भव्य तिरंगा यात्रा, झंडा ऊंचा रहे हमारा के नारों से गूंज उठा छतरपुर