MP Electricity Price Hike: महंगाई से पहले ही परेशान लोगों को एक और झटका लगा है. एलपीजी की किल्लत के बीच अब मध्य प्रदेश में बिजली भी महंगी हो गई है. हैरानी की बात यह है कि सिर्फ एक महीने के भीतर दूसरी बार बिजली के दाम बढ़ाए गए हैं. मई महीने से नया सरचार्ज लागू होने वाला है, जिसका सीधा असर आम लोगों के बिजली बिल पर पड़ेगा.
मई से लागू होगा नया सरचार्ज
मध्य प्रदेश में मई महीने से 5.36 फीसदी का नया FPPAS (Fuel and Power Purchase Adjustment Surcharge) लागू किया जाएगा. यह सरचार्ज सीधे बिजली बिल में जुड़कर वसूला जाएगा, जिससे उपभोक्ताओं को पहले से ज्यादा बिल चुकाना पड़ेगा.
पहले ही बढ़ चुके हैं टैरिफ चार्ज
इससे पहले 26 अप्रैल 2026 को बिजली टैरिफ में 4.8 फीसदी की बढ़ोतरी की गई थी. अब एक महीने के भीतर दोबारा दाम बढ़ने से आम और मध्यम वर्ग पर दोहरी मार पड़ रही है.
महंगी बिजली खरीद बनी वजह
बताया जा रहा है कि बिजली कंपनियों को बिजली खरीद महंगी पड़ रही है. इसी कारण उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डाला गया है. लागत और अनुमानित लागत के बीच बड़ा अंतर सामने आने के बाद यह सरचार्ज जोड़ा गया है.
आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2026 में बिजली की वास्तविक खरीद लागत 3.97 रुपये प्रति यूनिट रही, जबकि अनुमानित लागत 3.66 रुपये प्रति यूनिट तय की गई थी. यानी 0.32 रुपये प्रति यूनिट का अंतर सामने आया, जिससे बिजली कंपनियों का खर्च बढ़ गया.
घरेलू और औद्योगिक उपभोक्ता होंगे प्रभावित
इस बढ़ोतरी का असर सिर्फ घरेलू उपभोक्ताओं पर ही नहीं, बल्कि औद्योगिक और व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर भी पड़ेगा. इससे आने वाले समय में कई जरूरी चीजों के दाम भी बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. लगातार बढ़ते बिजली के दामों से लोगों की चिंता बढ़ गई है. पहले रसोई गैस और अब बिजली महंगी होने से घर का बजट गड़बड़ा सकता है. उपभोक्ता उम्मीद कर रहे हैं कि सरकार आगे राहत देने पर भी विचार करेगी.