Madhya Pradesh-Chhattisgarh Breaking News in Hindi: मध्य प्रदेश के सागर जिले में बुधवार 11 मार्च को विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है. तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग और एमएसएमई विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है. ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी, जेरई परिसर में सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस मेले में आईटी, मैनेजमेंट, बैंकिंग और सेल्स सेक्टर की कई बड़ी कंपनियां युवाओं का सीधे इंटरव्यू लेकर चयन करेंगी. इसमें Motorola, Paytm, HDFC Bank और Axis Bank सहित कई संस्थान शामिल होंगे. इसके अलावा दमोह में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन आयोजित हो रहा है, जिसकी अध्यक्षता डॉ. मोहन यादव करेंगे. प्रदेश के मौसम में फिलहाल बदलाव के कोई संकेत नहीं हैं, गर्मी का असर ऐसा ही रहेगा. दिन में तेज धूप गर्मी का अहसास कराएगी और रातें राहत भरी रहेंगी.
यहां पढ़ें पल-पल के न्यूज अपडेट्स...
एमपी में अवैध गैस सिलेंडरों का भंडार! सर्विस सेंटर छिपा रखे थे, प्रशासन ने पकड़ा
रतलाम जिले के नामली थाना क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध गैस सिलेंडरों के भंडारण और गैरकानूनी रिफिलिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सर्विस सेंटर पर छापा मारा, जहां से 22 भरे हुए और 9 खाली सिलेंडर जब्त किए गए. ग्रामीण तहसीलदार आशीष उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस‑प्रशासन की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देश पर की. विभिन्न कंपनियों के सिलेंडर मिलने से हड़कंप मच गया है. फिलहाल जांच जारी है और सर्विस सेंटर संचालक फैयाज मंसूरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं.
'बस्तर में बंदूक हार रही है, विश्वास जीत रहा है'- सीएम साय
जगदलपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, “बस्तर में बंदूक हार रही है, विश्वास जीत रहा है,” क्योंकि आज ₹3.29 करोड़ के इनामी 108 सशस्त्र माओवादी कैडरों (जिनमें 44 महिलाएं शामिल हैं) ने हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया. इसे उन्होंने बस्तर में शांति, सुशासन और विकास की जीत का प्रमाण बताया. सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ नक्सलवाद के पूर्ण खात्मे की दिशा में दृढ़तापूर्वक बढ़ रहा है. भयमुक्त और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण हमारा अटल संकल्प है.
वेयर हाउस से निकली 17 लाख की अवैध शराब
नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा के शिवा के लिए ले जाई जा रही करीब 17 लाख रुपए की अवैध शराब पुलिस ने नरसिंहपुर में पकड़ ली. शराब से भरे मिनी ट्रक को जब पुलिस ने रोका तो ड्राइवर के पास मिला परमिट भी फर्जी निकला, जिसके बाद पूरे मामले की जांच तेज कर दी गई. एसपी ऋषिकेश मीणा के मुताबिक पुलिस अब वेयरहाउस से लेकर गाडरवारा तक की सप्लाई चेन खंगाल रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध शराब किस नेटवर्क के जरिए भेजी जा रही थी. इसके लिए एक विशेष टीम बनाई गई है, जो हर कड़ी की जांच कर रही है.
सीएम यादव ने राहतगढ़-जैसीनगर को दी आधुनिक ग्रन्थालय की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर प्रवास के दौरान बुंदेलखंड की वीरभूमि को नमन करते हुए राहतगढ़ और जैसीनगर को आधुनिक ग्रंथालय की सौगात दी. ज्ञानवीर विश्वविद्यालय के लोकार्पण समारोह में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश तेज़ी से विकास कर रहा है और बुंदेलखंड के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार गंभीर है. मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए शिक्षा को पीढ़ियों के निर्माण का आधार बताया और मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के परिवार द्वारा स्थापित विश्वविद्यालय की सराहना की. उन्होंने एआई इम्पैक्ट समिट के माध्यम से भारत की बढ़ती तकनीकी क्षमता का भी जिक्र किया और बुंदेलखंड कैबिनेट से 27 हजार करोड़ की मंजूरियों को क्षेत्र के विकास की बड़ी उपलब्धि बताया. कार्यक्रम में उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया, पावर लिफ्टिंग में कांस्य पदक विजेता आयुषी अग्रवाल का विशेष सम्मान किया और विश्वविद्यालय परिसर का अवलोकन कर छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ाया.
घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में मिले दो हाथी के शव
रायगढ़ जिले के घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब कुरकुट नदी के पास कक्ष क्रमांक 1273 आरएफ में दो हाथी शावकों के शव तैरते हुए मिले. ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नदी से शवों को बाहर निकाला. बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से लगभग 19 हाथियों का झुंड इस क्षेत्र में घूम रहा था. प्राथमिक संभावना है कि शावकों की मौत नदी पार करते या नहाते समय डूबने से हुई होगी, हालांकि वन विभाग का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा. गौरतलब है कि कुछ महीने पहले भी लैलूंगा वन परिक्षेत्र में तीन हाथियों की मौत हुई थी और उन मामलों में भी विभाग अभी तक सही कारणों का पता नहीं लगा पाया है.
नाबालिग युवतियों के साथ मारपीट और कपड़े फाड़ने का आरोप
कटनी के कोतवाली थाना क्षेत्र के कैलवारा खुर्द गांव में दो नाबालिग लड़कियों के साथ पड़ोसी युवकों द्वारा मारपीट और कपड़े फाड़ने का गंभीर मामला सामने आया है. पीड़ित लड़कियों का न्याय की गुहार लगाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद दोनों अपनी मां के साथ थाने पहुंचीं और कार्रवाई की मांग की. मामले पर सीएसपी नेहा पच्चीसीया ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि रिपोर्ट न लिखने में पुलिस की लापरवाही पाई गई, तो पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई होगी और पीड़िताओं को न्याय दिलाया जाएगा.
दमोह पहुंचे सीएम मोहन यादव, भगवान गौरी शंकर मंदिर में टेका माथा
दमोह जिले के हटा पहुंचते ही मुख्यमंत्री मोहन यादव सबसे पहले भगवान गौरी शंकर मंदिर पहुंचे और दर्शन कर आशीर्वाद लिया. इसके बाद उन्होंने मंदिर प्रांगण में आयोजित महिला सशक्तिकरण सम्मेलन को संबोधित किया, जहां उनके साथ स्थानीय विधायक उमा देवी खटीक, प्रभारी मंत्री इंद्र सिंह परमार, मंत्री लखन पटेल, मंत्री धर्मेंद्र लोधी, विधायक जयंत मलैया और भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. कार्यक्रम में विधायक उमा देवी खटीक ने हटा का नाम बदलकर उपकाशी करने, कृषि विश्वविद्यालय और पीजी कॉलेज खोलने तथा हटा को जिला घोषित करने की मांग रखी. हटा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की बेटी के निधन पर भी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं.
विदिशा में तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत, दो गंभीर
विदिशा जिले के लटेरी के डिमरौली के पास तेज रफ्तार कार ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार तेज सिंह, निवासी ग्राम पैगयाई (शमशाबाद), की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. तीनों युवक लटेरी में एक शादी में शामिल होने जा रहे थे. हादसे के बाद घायलों को लटेरी अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर किया गया. मुरवास थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.
राष्ट्रपति के अपमान का मामला; भाजपा ने जलाया ममता बनर्जी का पुतला
धमतरी के गांधी मैदान में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम से जुड़े कथित अपमान के विरोध में ममता बनर्जी का पुतला दहन कर आक्रोश जताया. भाजपा के अनुसूचित जनजाति मोर्चा और युवा मोर्चा ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की और कहा कि राष्ट्रपति पद का सम्मान सर्वोपरि है. अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष मोहन पुजारी ने आरोप लगाया कि राष्ट्रपति के आदिवासी सम्मेलन के लिए ऐसी जगह चुनी गई, जहां आम लोगों की पहुंच सीमित थी, जो पूरे आदिवासी समाज का अपमान है. वहीं युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष शुभांक मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देश की प्रथम नागरिक और पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति हैं, इसलिए उनके दौरे में प्रोटोकॉल का पालन होना आवश्यक था, जो वहां नहीं दिखा. प्रदर्शन में विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और घटना की कड़ी निंदा की.
दतिया–ग्वालियर बॉर्डर पर रोकी पदयात्रा, पुलिस ने किया लाठीचार्ज, वॉटर कैनन चलाया
दतिया–ग्वालियर बॉर्डर पर बुधवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब जिला प्रशासन की स्पष्ट मनाही के बावजूद आजाद समाज पार्टी, दामोदर मंडल और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने दतिया से ग्वालियर की ओर पदयात्रा शुरू कर दी. प्रशासन ने संवेदनशील हालात को देखते हुए किसी भी रैली या आंदोलन की अनुमति नहीं दी थी, लेकिन पदयात्रा आगे बढ़ती रही. जैसे ही जुलूस ग्वालियर सीमा के करीब पहुंचा, पुलिस ने भीड़ को रोकने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया और लाठीचार्ज कर कार्यकर्ताओं को तितर‑बितर किया. कार्रवाई के दौरान दो दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार शिवहरे ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और किसी अन्य अप्रिय घटना की सूचना नहीं है.
गैस सिलेंडर सप्लाई पर भोपाल कलेक्टर का बयान
भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने राजधानी में एलपीजी और कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई को लेकर स्पष्ट किया कि स्थिति नियंत्रण में है और गैस की कालाबाजारी व जमाखोरी रोकने के लिए गैस वितरकों के साथ बैठक कर आवश्यक गाइडलाइन जारी की गई है. उन्होंने कहा कि शादी सीजन में कमर्शियल सिलेंडर की मांग बढ़ी है, लेकिन फिलहाल इसकी आपूर्ति केवल अत्यावश्यक सेवाओं जैसे हॉस्पिटल और शैक्षणिक संस्थाओं को ही प्राथमिकता के साथ दी जा रही है, ताकि कोई संकट न बने.
रायपुर पुलिस ने 20 लाख रुपए के 100 मोबाइल लौटाए
रायपुर पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन तलाशने के विशेष अभियान के तहत एंटी क्राइम और साइबर यूनिट की मदद से प्रदेश और देश के विभिन्न राज्यों से कुल 100 मोबाइल बरामद किए, जिनकी कीमत लगभग 20 लाख रुपए है. पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और अन्य राज्यों की पुलिस के समन्वय से फोन ढूंढकर आज उन्हें उनके मालिकों को सौंप दिया. कई मोबाइल उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, झारखंड, दिल्ली और बिहार से भी बरामद किए गए. पुलिस ने लोगों से CEIR पोर्टल पर फोन गुम होने की जानकारी तुरंत दर्ज कराने की अपील की है.
गुटखे के पैसों को लेकर विवाद, किराना व्यापारी को चार लोगों ने पीटा
नरसिंहपुर जिले में गुटखे के पैसों को लेकर हुए विवाद में सोमवार रात चार लोगों ने एक किराना व्यापारी की दुकान में घुसकर उसकी जमकर पिटाई कर दी. मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद व्यापारियों में आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने पीड़ित के समर्थन में न्याय की मांग की. घायल व्यापारी ने घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना भी दी थी, लेकिन नामजद आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं. सुरक्षा की मांग को लेकर किराना व्यापारी संघ ने थाने पहुंचकर ज्ञापन सौंपते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है.
एयरफोर्स के विंग कमांडर ने की खुदकुशी, हरियाणा के निवासी थे ऑफिसर
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एयरफोर्स के विंग कमांडर विपुल यादव ने पुरेना स्थित विधायक कॉलोनी के मकान नंबर 79 में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई. हरियाणा निवासी ऑफिसर यादव राजधानी में तैनात थे और अकेले ही यहां रह रहे थे. घटना की जानकारी मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की तलाश कर रही है.
जिला अस्पताल में महिला ने लगाई फांसी, बर्न वार्ड में हुआ हादसा
धमतरी जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 20 वर्षीय युवती दशमती नेताम ने महिला प्रसाधन में दुपट्टे से फांसी लगाकर जान दे दी. कोंडागांव निवासी दशमती हरि ओम राइस मिल में काम करती थी और कुछ दिन पहले रूम में दाल बनाते समय जलने से घायल हो गई थी, जिसके बाद वह जिला अस्पताल में भर्ती थी. चेहरे पर जलने के निशान होने के बावजूद वह सामान्य इलाज ले रही थी, लेकिन बुधवार को अचानक बाथरूम जाने के बहाने अंदर जाकर फांसी लगा ली. घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. अस्पताल प्रशासन, CHMO उत्तम कौशिक, सिविल सर्जन अरुण टोनडर और धमतरी CSP अभिषेक चतुर्वेदी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्य सामने आने पर कार्रवाई होगी.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की बेटी का निधन, लंबे समय से थीं अस्वस्थ
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल व उनकी पत्नी रितु खंडेलवाल की बेटी सुरभि खंडेलवाल का बुधवार को लंबी बीमारी के बाद दुखद निधन हो गया. उनकी अंतिम यात्रा आज शाम 5 बजे बैतूल गंज स्थित निवास से कोठी बाजार मोक्ष धाम के लिए निकलेगी. बता दें कि सुरभि खंडेलवाल स्पेशल चाइल्ड थीं.
भोपाल में माइनिंग कारोबारी दिलीप गुप्ता के ठिकानों पर IT की रेड
IT Raid at (Mining Businessman in Bhpla: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयकर विभाग (IT Department) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए माइनिंग कारोबारी दिलीप गुप्ता (Mining Businessman Dilip Gupta) के ठिकानों पर छापा मारा है. IT विभाग की टीम ने भोपाल स्थित दिलीप गुप्ता के कई ठिकानों पर सुबह-सुबह एक साथ रेड डाली. सूत्रों के अनुसार, छापे की कार्रवाई सुबह से लगातार जारी है और टीम दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही है.
गौरतलब है कि इससे पहले भी भोपाल में EOW ने दिलीप गुप्ता के दो ठिकानों पर छापा मारा था, जहां से टीम को भारी मात्रा में नकदी, दस्तावेज और कई महत्वपूर्ण फाइलें बरामद हुई थीं. फिलहाल आयकर विभाग की टीम जांच में जुटी हुई है और छापे के बाद बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.
Madhya Pradesh Hindi New: शिवपुरी में दो अज्ञात झोपड़िया में लगी आग, गरीबों का लाखों का नुकसान
Fire Breaks Out in Huts Shivpuri: मध्य प्रदेश में शिवपुरी जिले के दिनारा कस्बे के साथ शहर की लुधावली बस्ती में मौजूद दो अलग-अलग झोपड़िया में आग लग गई. आग लगने की वजह का तो खुलासा नहीं हो सका, लेकिन इन दोनों घटनाओं में गरीबों की पूरी की पूरी गृहस्थी जलकर तबाह और बर्बाद हो गई. मौके पर पहुंची दमकल जब तक सहायता दे पाती तब तक सब कुछ जलकर राख हो गया. पुलिस ने दोनों घटनाओं में जांच पड़ताल करना शुरू कर दी है. दिनारा कस्बे में हुई घटना को लेकर पीड़ित ने अपने पड़ोसी पर जानबूझकर आग लगाने के आरोप लगाए हैं.
Woman Murder in Narsinghpur: नरसिंहपुर में महिला की हत्या
Madhya Pradesh Hindi News: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में महिला का खेत में शव मिला है, जिसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है. घटना करेली थाना क्षेत्र के राकई बसेड़िया गांव की है. महिला के सिर और मुंह पर पत्थर से वार किए हैं. मृतका का नाम वंदना ठाकुर जो पति पुष्पेंद्र के साथ मजदूरी करती थी. पति पत्नी दोनों किसी के खेत में काम कर रह रहे थे. करेली थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है और संदिग्धों से पूछताछ जारी है. मृतका के भाई सोनू ठाकुर ने हत्या को लेकर एक व्यक्ति पर शक जताया है.
Madhya Pradesh Hindi News: फैक्ट्री के सुरक्षाकर्मी के सिर में बदमाशों ने मारी गोली
Bhind Factory Security Guard Shot: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में क्रोम्पटन फैक्ट्री के सुरक्षाकर्मी को गोली मार दी. सिर में गोली लगने से गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे ग्वालियर के बिरला नगर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे, जो सीसीटीवी में कैद हो गए हैं. बताया जा रहा है कि मालनपुर थाना क्षेत्र में स्थित फैक्ट्री में लगातार हो रही चोरी रोकने का लेकर पुराना विवाद चल रहा था.
Madhya Pradesh Hindi News: रॉड के हमले के बाद भी 120 किमी कार चलाकर दामाद को बचाया
Rajgarh Road Rage: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले से इंसानियत और साहस की एक ऐसी कहानी सामने आई है, जिसका अंत बेहद दुखद रहा. यहां 60 वर्षीय भगवान सिंह अपने बीमार दामाद को इलाज के लिए राजस्थान के झालावाड़ ले जा रहे थे. रास्ते में खिलचीपुर में ट्रैफिक जाम हटाने के लिए जैसे ही वे गाड़ी से उतरे, एक पिकअप चालक ने उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
Madhya Pradesh Hindi News: छतरपुर में जल जीवन मिशन की रफ्तार धीमी
Jal-Jivan Mission- Har Ghar Nal Yojana: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन – हर घर नल जल योजना अपने निर्धारित लक्ष्य से काफी पीछे चल रही है. जिले के 1078 गांवों में नल के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित करने का लक्ष्य तय किया गया था, लेकिन अब तक केवल 236 गांवों तक ही पानी पहुंच पाया है. इस धीमी प्रगति के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में नाराजगी और असंतोष का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों का आरोप है कि कई जगहों पर जल टंकियों का निर्माण घटिया सामग्री से किया जा रहा है और पाइपलाइन भी कम गहराई में डाली जा रही है, जिससे भविष्य में पाइपलाइन खराब होने और पानी आपूर्ति बाधित होने की आशंका बनी हुई है.
CG News in Hindi: विधायक रिकेश सेन को जाने से मारने की धमकी देने का मामला सदन में उठा
Chhattisgarh Vidhan Sabha Budget Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा में बजट सत्र के 8वें दिन शून्य काल में पूर्व सीएम भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) ने विधायक रिकेश सेन (Rikesh Sen) को जान से मारने की धमकी का मुद्दा उठाया. विपक्ष ने इसमें स्पष्टीकरण को लेकर सदन में नारेबाजी करते हुए वॉक आउट किया. विधायक उमेश पटेल ने कहा कि ये संवेदनशील मामला है, सरकार इसमें स्थिति स्पष्ट करें. यह सदस्य की सुरक्षा का मसला है. यह विषय गंभीर है. विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सदन को इसकी जानकारी नहीं है. सदस्य की ओर से सूचना नहीं दी गई है. यदि होता तो सदन में जरूर जवाब आता.
संसदीय मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि विधायक पूरी तरह सुरक्षित है. पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि मैंने विधायक से बात की तो उन्होंने इस बात को माना. उम्मीद कर रहे थे कि विभागीय मंत्री जवाब देंगे. विधायक डर से सदन में नहीं है. जब तक मामले का निराकरण नहीं होगा तब तक कार्रवाई में भाग नहीं लेंगे.
LPG Shortage: गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच एक्शन में आए रायपुर कलेक्टर
Gas Cylinder Crisis: ईरान-अमेरिका-इजरायल युद्ध (Israel-USA and Iran War) और पश्चिम एशिया के ताजा हालात के मद्देनजर देश में एलपीजी गैस की किल्लत के बीच रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह (Raipur Collector) ने मोर्चा संभाल लिया है. उन्होंने ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों और डीलर्स के साथ बैठक कर सख्त निर्देश दिए. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
बेटे के जन्मदिन पर युवक को बुला सहेली से बनवाए शारीरिक संबंध, और फिर...
Bilaspur Blackmail Case: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में ब्लैकमेलिंग का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने बर्थडे पार्टी के बहाने युवक को घर बुलाकर उसका अश्लील वीडियो बना लिया. बाद में उसे वायरल करने की धमकी देकर पैसे की मांग करने लगी. पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
CG News in Hindi: आज 108 नक्सली करेंगे सरेंडर
Naxal Surrender in Jagdalpur Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में माओवादी संगठन को एक बार फिर से बड़ा झटका लगा है. जगदलपुर में बुधवार को दंडकारण्य स्पेशल जोनल के 108 माओवादी समर्पण करेंगे. साथ ही समर्पित माओवादियों की निशानदेही में अब तक के सबसे बड़े माओवादी डंप की रिकवरी की गई है. इस डंप को भी आज समर्पण के दौरान पेश किया जाएगा. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष दोपहर 2 बजे होगा समर्पण, जिसकी जानकारी बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने दी है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
LPG Shortage: भोपाल में भी रेस्तरां और फूड स्टॉल संचालकों की बढ़ी परेशानी
इजरायल-यूएसए और ईरान युद्ध (Israel-USA and Iran War) का असर अब मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल (Bhopal Gas Cylinder Supply Affected) में भी दिखने लगा है. खाड़ी देशों से गैस की सप्लाई प्रभावित होने पर रेस्तरां और फूड स्टॉल संचालक परेशान हैं. रेस्तरां में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित हो रही है. शहर के 6 नंबर मार्केट में कई दुकानों पर सिलेंडर लगभग खत्म होने की स्थिति में है. कुछ दुकानों में आधा सिलेंडर ही बचा है, जिससे दुकानदार किसी तरह काम चला रहे हैं.
दुकानदारों का कहना है कि अगर जल्द ही कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई शुरू नहीं हुई तो उन्हें दुकान बंद करने की नौबत आ सकती है. फिलहाल दुकानदार कम गैस इस्तेमाल कर काम चला रहे हैं, लेकिन नई बुकिंग भी नहीं हो पा रही है, जिससे उनकी चिंता बढ़ गई है.
Raipur Air Force Officer Suicide: रायपुर में एयरफोर्ट के विंग कमांडर ने लगाई फांसी
Wing Commander Suicide in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एयरफोर्स के ऑफिसर ने खुदकुशी कर ली. विंग कमांडर विपुल यादव ने पुरेना स्थित विधायक कॉलोनी में आत्मघाती कदम उठाया है. उन्होंने फांसी लगाकर जान दे दी. मौके पर पुलिस के आलाधिकारी पहुंच गए और जांच जारी है. विंग कमांडर विपुल यादव हरियाणा के रहने वाले थे. मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है.
MP News in Hindi: मुरैना के स्वाधार गृह से भागीं दो नाबालिग और एक महिला, तलाश जारी
Morena Girls and Woman Ran Away from Swadhar Griha: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के स्वाधार गृह से एक महिला और दो नाबालिग फरार हो गईं. यह स्वाधार गृह जिला मुख्यालय के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के बड़ोखर में स्थित है. फरार तीनों 9 मार्च को वन स्टांप सेंटर से स्वाधार गृह भेजी गईं थी. 24 घंटे के दौरान ही बंदिश की दीवारें तोड़ दोनों नाबालिग और एक महिला मंगलवार शाम फरार हो गईं. गृह की अधीक्षिका ने ताने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
Madhya Pradesh Hindi News: शादी के बीच पहुंचा प्रेमिका का फोन, दुल्हन शादी तोड़ पहुंची थाने
Gwalior Wedding Dispute: ग्वालियर शहर में एक अलग ही तरह का मामला सामने आया, जिसमें एक दुल्हन ने मंडप के नीचे ही अपने पति के साथ जाने से इनकार कर दिया. इसकी वजह ये रही कि दूल्हे की प्रेमिका का दुल्हन (Groom Bride and Girlfriend) के पास फोन आ गया और उसने सबूत के तौर पर दूल्हे के साथ वाले फोटो, वीडियो और अन्य जानकारी दुल्हन को वॉट्सऐप पर भेज दी. प्रेमिका ने बताया कि दुल्हा उससे पहले ही शादी कर चुका है और यह शादी तोड़ दो, इसी में तुम्हारी भलाई है क्योंकि दूल्हा 6 महीने बाद दुल्हन को छोड़ देगा. यह देखते ही दुल्हन ने विदा के समय ससुराल जाने से इनकार कर दिया और परिजनों के साथ थाने पहुंच गई. यह शादी शहर के कंपू थाना क्षेत्र के गुड़ा गुड़ी के नाके पर आयोजित की गई थी.
दुल्हन और उसके परिजनों ने मंगलवार को थाने पहुंचकर शादी में हुए खर्च और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करने के लिए पुलिस को आवेदन दिया. हालांकि पुलिस ने अभी मामले की जांच की बात कही है. दुल्हन युवक के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करने की मांग कर रही है.
Madhya Pradesh Hindi News: सरकारी विश्वविद्यालयों से हटेंगे आवारा कुत्ते और पशु
Stray Dog and Cattle will Removed from Universities: मध्य प्रदेश के सभी सरकारी विश्वविद्यालयों को परिसर में आवारा पशु और कुत्तों की समस्या से निपटने के निर्देश दिए गए हैं. उच्च शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर कहा है कि विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए और आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं. निर्देश के अनुसार हर विश्वविद्यालय में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा. उसका नाम, पद और मोबाइल नंबर परिसर की दीवार पर प्रदर्शित करना होगा, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत संपर्क किया जा सके.
इसके साथ ही जहां बाउंड्रीवाल नहीं है, वहां उसे बनवाने और परिसर में पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था करने को कहा गया है. उच्च शिक्षा विभाग ने विश्वविद्यालयों से इस संबंध में की गई कार्रवाई की जानकारी ऑनलाइन फॉर्म के जरिए भेजने के निर्देश दिए हैं और कहा है कि 16 मार्च 2026 तक सभी जरूरी कदम पूरे कर लिए जाएं. यह निर्देश प्रदेश के 18 शासकीय विश्वविद्यालयों के लिए जारी किए गए हैं, यह कदम सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए उठाया गया है.
Madhya Pradesh Hindi News: एक एंबुलेंस बनी काल तो दूसरी बनी रक्षक!
Seoni Ambulance Car Accident: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में एक एंबुलेंस काल बन गई तो दूसरी रक्षक बनती दिखाई दी. महाराष्ट्र के नागपुर से इलाज करवाकर उमरिया लौट रहे एक परिवार की कार को नेशनल हाईवे 44 के झिलमिली गांव के पास पहले एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी. परिवार अभी संभल पाता, तभी पीछे से आई एक प्राइवेट एम्बुलेंस ने कार को दोबारा टक्कर मार दी. हादसे के बाद रात थी. दूसरी ओर सूचना मिलने पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायल लोगों को अस्पताल पहुंचा दिया.
Chhattisgarh Hindi News: अफीम मामले में आरोपी विनायक ताम्रकार और उसके सहयोगियों को कोर्ट ने फिर पुलिस रिमांड पर भेजा
Durg Opium Case: दुर्ग जिले के अफीम मामले के आरोपी विनायक ताम्रकार (Vinayak Tamrakar) और उसके सहयोगी से पूछताछ करने के लिए पुलिस को 2 और दिन का रिमांड मिल गया है. बता दें कि इससे पहले भी तीनों आरोपी 2 दिन के पुलिस रिमांड में थे. विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट PS मरकाम की अदालत में पुलिस ने आवेदन किया था. आवेदन में 5 दिन पुलिस मांगा था, लेकिन कोर्ट ने दो दिन की मंजूर की.
मामले में पुलिस की जांच लगातार जारी है. पूछताछ में यह भी बात सामने आई है कि आरोपी विकास बिश्नोई की यूट्यूब हिस्ट्री में अफीम की खेती करने और रखरखाव के तरीके दिखे थे. पूछताछ में यह बात भी सामने आया कि आरोपी विकास बिश्नोई पहले भी 150 अफीम ग्राम राजस्थान पहुंचा चुका है.
Chhattisgarh Hindi News: बिलासपुर के नोवा आयरन प्लांट में बड़ा हादसा, मजदूरों के ऊपर गिरा खौलता लोहा
Bilaspur Plant Accident: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में नोवा स्पंज आयरन प्लांट (Nova Iron Plant Bilaspur) में बड़ा हादसा हो गया. फर्नेस सेक्शन में काम के दौरान मजदूरों पर पिघला हुआ लोहा गिर गया, जिससे 4 मजदूर बुरी तरह झुलस गए. उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों में नरेंद्र कोसले, चंद्रहास, धर्मवीर और विनय कुमार शामिल हैं. हादसा देर रात करीब 1 बजे शिफ्ट बदलने के बाद काम के दौरान हुआ था. यह प्लांट बिल्हा थाना क्षेत्र के अमेरा-अकबरी में स्थित है.
डॉक्टरों के अनुसार, मजदूर 25 से 40 प्रतिशत तक झुलस गए हैं. घायल मजदूरों ने बिना सुरक्षा किट के काम कराने का आरोप लगाया है. मजदूर ने दावा किया कि लैडर का रिंग कटने से उछलकर खौलता लोहा गिर गया. मामले में पुलिस और औद्योगिक सुरक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है.
Maihar Bus Fire: मैहर में भेड़ा गांव के पास चलती बस में लगी आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
Madhya Pradesh Hindi News: मैहर जिले के देहात थाना क्षेत्र के भेड़ा गांव के पास एक यात्री बस में अचानक आग लग गई. जय भवानी ट्रेवल्स की बस 9 मार्च को इंदौर से चली थी, जिसका पंप खराब होने पर कटनी में मरम्मत कराई गई. इसके बाद बस कटनी से रीवा की ओर जा रही थी और 11 मार्च को वापस इंदौर जाने वाली थी. इसी दौरान भेड़ा गांव के पास बस में अचानक आग लग गई. बस में उस समय चालक, कंडक्टर और एक सहयोगी क्लीनर ही मौजूद थे, यात्री नहीं थे. बस से धुआं और लपटें उठते देख चालक ने तुरंत बस रोक दी और सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए. सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया. प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
Chhattisgarh Hindi News: दुर्ग में चल रहा था देह व्यापार, पुलिस ने मारा छापा
Deh Vyapar in Durg: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में देह व्यापार की सूचना मिलते ही पुलिस ने छापामार कार्रवाई की है. स्मृति नगर थाना क्षेत्र के रिहायसी इलाके नेहरू नगर के एक घर में चल रहे देह व्यापार के अड्डे से पुलिस ने एक महिला और एक ग्राहक को गिरफ्तार किया है. यह महिला ही देह व्यापार की संचालक है. मौके से पुलिस 8 महिलाओं को भी अभिरक्षा में लिया है, जिनसे पूछताछ कर रही है. मौके से 12 मोबाइल सहित कई आपत्तिजनक सामग्री जब्त हुई हैं.
9 मार्च की ये बड़ी खबरें भी पढ़ सकते हैं....
Chhattisgarh Assembly Budget Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र 8वां दिन
CG News in Hindi: छत्तीसगढ़ विधानसभा में बजट सत्र के 8वें दिन मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, मंत्री लखनलाल देवांगन और मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे. विधायक कविता प्राण लहरे आयुष्मान कार्ड धारी मरीजों के इलाज न होने पर ध्यान आकर्षण करेंगी. विधायक अनुज शर्मा रासायनिक अपशिष्ट पदार्थ की भूमिका जल स्रोतों में डालने को लेकर ध्यानाकर्षित करेंगे. इसके अलावा विधायक लखेश्वर बघेल, विधायक राघवेंद्र सिंह और विधायक हर्षित स्वामी बघेल अपने विधानसभा क्षेत्र की याचिकाएं प्रस्तुत करेंगे. वित्तीय वर्ष 2026-27 के विभागीय अनुदान मांगों पर मंत्री ओपी चौधरी, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और मंत्री नाम विचार नेताम चर्चा करेंगे.
Pickup Crushed Bike Rider Husband Wife: पिकअप ने बाइक सवार पति-पत्नी को रौंदा, दोनों की मौत
Madhya Pradesh Hindi News: शहडोल जिले के बुढार थाना क्षेत्र के पडरिया गांव में मंगलवार रात सड़क हादसे में बाइक में सवार पति-पत्नी को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मारते हुए दोनों को कुचल दिया. इससे पति पत्नी की मौके पर मौत हो गई. वहीं, बाइक में साथ में बैठी बच्ची घायल हो गई. दुर्घटना के बाद चालक पिकअप लेकर मौके से फरार हो गया.
Madhya Pradesh Hindi News: मरीज को ले जाने वाली एंबुलेंस खुद रास्ते में बीमार
मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में मरीज को ले जा रही सरकारी एंबुलेंस ही खराब हो गई. इस दौरान मरीज गर्मी में दो घंटे तक सड़क पर तड़पता रहा, फिर दूसरी एंबुलेंस की व्यवस्था की गई. इसके बाद उसे अस्पताल रवाना किया गया.
Dhar Girl Commits Suicide: युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
Madhya Pradesh Hindi News: मध्य प्रदेश के धार शहर की अर्जुन कॉलोनी में एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका की पहचान शारदा के रूप में हुई है, जो पाटीदार चौराहे के पास स्थित एक निजी क्लिनिक में काम करती थी. घटना दोपहर करीब साढ़े 12 बजे की बताई जा रही है. उस समय शारदा घर पर अपने भाई के बच्चों के साथ खेल रही थी. कुछ देर बाद बच्चों के रोने की आवाज सुनकर उसकी भाभी कमरे में पहुंची तो देखा कि शारदा फांसी के फंदे पर झूल रही थी. परिजनों और पड़ोसियों की मदद से उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
MP Weather Forecast: मध्य प्रदेश मौसम का अपडेट
Temperature Increased in Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश में दिन में तो तीखी धूप ने अभी से हाल बेहाल कर रखा है, लेकिन रात में अभी राहत है. कई जिलों में पारा 35 डिग्री पार हो गया है. वहीं, रतलाम में तो पारा 39 के पार पहुंच गया है. एमपी के बड़े शहर भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन भी गर्म हो गए हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 15 मार्च से और ज्यादा गर्मी पड़ने की आशंका है.
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में हवा की दिशा उत्तर-पूर्व से अब पश्चिम और उत्तर-पश्चिम हो गई है. वहीं, हवा में नमी बहुत कम है. साथ ही रेगिस्तानी इलाकों से एमपी पहुंचती है. यह अपने साथ गर्मी भी लाती है.