मध्य प्रदेश के नीमच जिले के कुकड़ेश्वर-रामपुरा वन क्षेत्र में अरावली पर्वत पर स्थित मां शेरावाली खोवाले मंदिर परिसर में तेंदुए के घूमने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो शनिवार शाम का है. मंदिर में मौजूद ढोल बजाने वाले एक युवक ने अपने मोबाइल से तेंदुए का यह वीडियो रिकॉर्ड किया.
जालीदार गेट बंद कर बचाई जान
जानकारी के अनुसार युवक मंदिर में बैठा हुआ था. इसी दौरान बाहर लोगों के शोर की आवाज सुनाई दी. उसने बाहर देखा तो तेंदुआ मंदिर की ओर आता नजर आया. खतरा भांपते ही युवक तुरंत मंदिर के अंदर भाग गया और जालीदार गेट बंद कर लिया. तेंदुए ने अंदर किसी के होने का अंदाजा लगते ही जाली के ऊपर से हमला करने की कोशिश भी की. हालांकि शोर और जाली के कारण वह अंदर नहीं आ सका और कुछ देर बाद वहां से भाग गया.
अमेरी गांव में बुजुर्ग महिला पर किया हमला
बताया जा रहा है कि इसी तेंदुए ने शनिवार को पास के अमेरी गांव में एक मकान में घुसकर करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला नानी बाई पर हमला कर दिया था. हमले में महिला घायल हो गई थीं. उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
ग्रामीणों में डर का माहौल
आवासीय क्षेत्र और लोगों की आवाजाही वाले इलाके में तेंदुए की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में डर का माहौल है. गर्मी के मौसम में पानी और भोजन की तलाश में जंगली जानवर बस्तियों की ओर रुख कर रहे हैं. इससे ग्रामीण अपने बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं.
वन विभाग ने शुरू की निगरानी
वहीं वन विभाग ने तेंदुए की गतिविधियों को चिन्हित कर उसकी निगरानी शुरू कर दी है. मंदिर परिसर में घूमते तेंदुए का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.