MP की क्रिकेटर क्रांति गौड़ को Tata Motors ने द‍िया होली तोहफा, घर भेज दी चमचमाती नई कार

Kranti Gaur Car: एमपी की बेटी क्रांति गौड़ ने महिला विश्वकप में शानदार प्रदर्शन के बाद बड़ी उपलब्धि हासिल की है. टाटा मोटर्स द्वारा नई कार भेंट किए जाने पर छतरपुर के घुवारा में जश्न का माहौल है और क्षेत्रवासियों ने इसे गर्व का क्षण बताया है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Kranti Gaur Car: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उभरती सितारा खिलाड़ी और मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के घुवारा क्षेत्र की बेटी क्रांति गौड़ को विश्वकप में शानदार प्रदर्शन करने पर एक और बड़ा तोहफा मिला है. विश्वकप में दमदार खेल दिखाने वाली इस प्रतिभाशाली क्रिकेटर को देश की प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल कंपनी Tata Motors ने नई टाटा कार भेंट की है.

नई कार अब क्रांति गौड़ के घर घुवारा पहुंचा दी गई

महिला टीम के सभी खिलाड़ियों को यह सम्मान स्वरूप उपहार दिया गया था. बेहतर फीचर्स और आकर्षक लुक के साथ अपडेट की गई यह नई कार अब क्रांति गौड़ के घर घुवारा पहुंचा दी गई है. शनिवार को जैसे ही कार उनके घर के आंगन में पहुंची, पूरे परिवार और क्षेत्रवासियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. ढोल-नगाड़ों की गूंज से माहौल उत्सव में बदल गया. आतिशबाजी की रोशनी से आसमान जगमगा उठा और मिठाइयां बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी गई. परिजनों की आंखों में गर्व साफ झलक रहा था. 

क्रांति गौड़ ने देश का नाम रोशन किया

परिजनों ने कहा कि यह सम्मान क्रांति की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है. क्रांति गौड़ ने हाल ही में आयोजित महिला विश्वकप में अपने शानदार प्रदर्शन से टीम को मजबूती दी और देश का नाम रोशन किया. मैदान पर उनकी प्रतिबद्धता और जुझारूपन ने उन्हें खास पहचान दिलाई है. यही वजह है कि आज उनका नाम केवल घुवारा या बड़ामलहरा तक सीमित नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान के साथ लिया जा रहा है. घुवारा की गलियों में आज जश्न जैसा माहौल है.

बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी अपनी इस बेटी की सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि क्रांति गौड़ ने यह साबित कर दिया कि छोटे शहरों और कस्बों की बेटियां भी बड़े सपने साकार कर सकती हैं. टाटा कंपनी द्वारा दिया गया यह उपहार न केवल एक कार है, बल्कि यह उस सम्मान और विश्वास का प्रतीक है जो देश अपने खिलाड़ियों पर जताता है. क्रांति गौड़ की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी और क्षेत्र की बेटियों को आगे बढ़ने का हौसला देगी.  

Advertisement