'कौन बनेगा करोड़पति' फेम महिला तहसीलदार होगी गिरफ्तार! सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की अग्रिम जमानत याचिका 

श्योपुर जिले की विजयपुर तहसीलदार और ‘कौन बनेगा करोड़पति’ फेम अमिता सिंह तोमर की मुश्किलें बढ़ गई हैं. बाढ़ राहत राशि घोटाले में हाई कोर्ट के बाद सुप्रीम कोर्ट ने भी उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी, जिससे गिरफ्तारी की संभावना बढ़ गई है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

KBC Fame Officer Arrest Case: श्योपुर जिले की विजयपुर तहसीलदार अमिता सिंह तोमर को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है. बाढ़ राहत राशि घोटाले के मामले में उनकी अग्रिम जमानत याचिका हाई कोर्ट के बाद अब सुप्रीम कोर्ट ने भी खारिज कर दी. इसके बाद उनकी गिरफ्तारी की आशंका बढ़ गई है और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है. बता दें कि तहसीलदार कौन बनेगा करोड़पति शो में अमिताभ बच्चन के साथ हॉट सीट पर बैठ चुकी है. 

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, साल 2021 में श्योपुर जिले में आई बाढ़ के बाद पीड़ितों के लिए राहत राशि का वितरण किया गया था. आरोप है कि बड़ौदा तहसील में उस समय पदस्थ तात्कालीन तहसीलदार अमिता सिंह तोमर, करीब 25 पटवारियों और 100 से ज्यादा दलालों ने मिलकर 127 फर्जी खातों में लगभग ₹2.57 करोड़ की राशि बांट दी. यह गड़बड़ी डिप्टी कलेक्टर की ऑडिट में पकड़ में आई, जिसके बाद बड़ौदा थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई.

Advertisement

अदालतों में क्या हुआ?

गिरफ्तारी से बचने के लिए अमिता सिंह तोमर ने पहले हाई कोर्ट (ग्वालियर खंडपीठ) में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया. इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में SLP के साथ अग्रिम जमानत की अर्जी लगाई. 17‑03‑2026 (मंगलवार) को सुप्रीम कोर्ट ने भी उनकी याचिका खारिज कर दी. अब या तो उन्हें स्वेच्छा से सरेंडर करना होगा या पुलिस गिरफ्तारी कर सकती है.

महिला तहसीलदार पर आरोप क्या-क्या हैं?

जांच में आरोप लगा कि राहत राशि वितरण के दौरान रिश्तेदारों व परिचितों को बाढ़ पीड़ित दिखाकर रकम उनके खातों में डलवाई गई. इस कथित घोटाले में तहलसील कार्यालय के कर्मियों और बिचौलियों की मिलीभगत बताई गई है. पुलिस जांच में 100 से अधिक लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें अमिता सिंह तोमर और 25 पटवारी भी शामिल हैं.

प्रशासनिक हलचल और अगला कदम

सुप्रीम कोर्ट से याचिका खारिज होने के बाद राजस्व अमले और प्रशासनिक तंत्र में हलचल तेज हो गई है. बड़ौदा थाने की पुलिस कभी भी अमिता सिंह तोमर की गिरफ्तारी कर सकती है. कानूनी जानकारों के मुताबिक, अब उनके पास सरेंडर या कस्टोडियल इंटरोगेशन की स्थिति के लिए तैयार रहने के विकल्प हैं.

‘KBC' फेम होने से रही सुर्खियों में

अमिता सिंह तोमर पहले भी चर्चा में रह चुकी हैं. वे ‘कौन बनेगा करोड़पति' में हिस्सा लेकर ₹50 लाख जीतने के बाद सुर्खियों में आई थीं. अब बाढ़ राहत राशि घोटाले के मामले ने उन्हें एक बार फिर खबरों के केंद्र में ला दिया है.

Advertisement