Katni lift Accident: लिफ्ट गिरने से 7 मजदूर घायल,  कटनी में ग्रीनको प्रोजेक्ट में हादसे से मची अफरा-तफरी

मध्य प्रदेश के कटनी से रविवार को एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई. दरअसल, यहां ग्रीनको प्रोजेक्ट में मजदूरों को ले जा रहा है एक लिफ्ट अचानक गिर गया, जिसकी वजह से 7 मजदूर घायल हो गए.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
लिफ्ट गिरने से घायल अजदूर को इलाज के लिए एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाते हुए.
Ram Bihari Gupta

मध्य प्रदेश के कटनी जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र के खिमला स्थित ग्रीनको प्रोजेक्ट में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया. जानकारी के अनुसार प्रोजेक्ट परिसर में काम कर रहे मजदूरों को ले जा रही लिफ्ट अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे उसमें सवार 7 मजदूर घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. 

घायलों को अलग-अलग एम्बुलेंसों की सहायता से नीमच के निजी अस्पताल ज्ञानोदय मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है. 

Advertisement

ये मजदूर हुए घायल

इस हादसे में जो मजदूर घायल हुए हैं, उनके नाम मनोहर सिंह, चिन्मय घोष, राहुल यादव, जहीरूद्दीन अंसारी, विपिन कुमार, कमलेश तथा एक अन्य मजदूर शामिल हैं. इनमें मनोहर सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है.

क्षमता से अधिक लोग थे सवार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा दोपहर करीब एक बजे लंच टाइम के दौरान हुआ. सूत्रों का कहना है कि जिस लिफ्ट की क्षमता 6 व्यक्तियों की थी, उसमें निर्धारित संख्या से अधिक मजदूरों को सवार कर दिया गया, जिसकी वजह से दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. वहीं, प्रोजेक्ट से जुड़े नीरज मीणा ने बताया कि लिफ्ट पर वेल्डिंग कार्य के दौरान यह हादसा हुआ. ऐसे में दुर्घटना के कारणों को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं. वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.

यह भी पढ़ें- राम मंदिर में करोड़ों के चढ़ावे गायब होने के आरोप से फैली सनसनी, अखिलेश ने की अदालत से संज्ञान लेने की मांग

बताया जा रहा है कि ज्यादातर घायल मजदूर उत्तर प्रदेश और बिहार के निवासी हैं, जो प्रोजेक्ट के लिए काम कर रहे थे. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रोजेक्ट प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. फिलहाल, प्रशासन हादसे के कारणों के साथ-साथ सुरक्षा मानकों और व्यवस्थाओं की भी जांच कर रहा है.

Advertisement

यह भी पढ़ें- 38 डिग्री गर्मी में बीमार बेटे का स्ट्रेचर धकेलते रहे माता-पिता, MY अस्पताल से सामने आई बड़ी लापरवाही