एमपी के कटनी में बस हादसा, ब्रिज के पास पलटी बस, 12 यात्री घायल 

मध्य प्रदेश के कटनी जिले में बड़ा सड़क हादसा सामने आया है. विजयराघवगढ़ से कटनी आ रही यात्री बस लमतरा ओवरब्रिज के पास अचानक बंद होकर पलट गई. हादसे में करीब 12 यात्री घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Katni Bus Accident: मध्य प्रदेश के कटनी जिले में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है. विजयराघवगढ़ से कटनी आ रही एक यात्री बस लमतरा ओवरब्रिज के पास अचानक असंतुलित होकर पलट गई. इस दुर्घटना में करीब 12 यात्री घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया.

लमतरा ओवरब्रिज के पास हुआ हादसा

घटना कुठला थाना क्षेत्र के लमतरा ओवरब्रिज के पास की है. विजयराघवगढ़ से कटनी आ रही बस (MP 53 P 0214) जैसे ही पुल के पास पहुंची, अचानक बंद हो गई. बस में उस समय करीब 50 यात्री सवार थे. बस रुकने के बाद यात्री और चालक उसे स्टार्ट करने की कोशिश करने लगे.

Advertisement

बस स्टार्ट न होने से बिगड़ा संतुलन

बस में सवार यात्री देवेंद्र कुमार शर्मा के मुताबिक, बस अचानक बंद हो गई थी. यात्रियों ने मिलकर बस को धक्का भी लगाया, लेकिन इंजन दोबारा चालू नहीं हो सका. इसी दौरान बस पीछे की ओर खिसकने लगी और देखते ही देखते पलट गई. पलटते समय कई यात्रियों को गंभीर चोटें आईं.

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया  

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची. घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. बस के तकनीकी खराबी और चालक की भूमिका को लेकर भी पड़ताल की जा रही है. हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया.