Madhya Pradesh Road Accident: मध्य प्रदेश के कटनी और छिंदवाड़ा में भीषण सड़क हादसा हो गया. जिसमें कई लोग घायल हो गए. पहली घटना कटनी (Katni Road Accident) जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र से आई है. यहां एक तेज रफ्तार बोलेरो ने ऑटो को टक्कर मार दी. इस हादसे में ऑटो सवार 8 लोग घायल हो गए. सूचना के बाद मौके पर एंबुलेंस पहुंची, जिसके माध्यम से घायल लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल पुलिस इस घटना की जांच शुरू कर दी है.
तेज रफ्तार बोलेरो ने ऑटो को मारी टक्कर
सड़क हादसे में घायल महिला रेखा ने बताया कि वो कटनी से सिहोरा ऑटो से जा रही थी, तभी एक फोर व्हीलर वाहन ने ऑटो में पीछे से टक्कर मार दी.
8 लोग घायल
एंबुलेंस स्टॉफ मोहित मिश्रा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि बोलेरो की टक्कर में ऑटो सवार 8 लोग घायल हुए हैं. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस भी पहुंची और नेशनल हाईवे एंबुलेंस सेवा के माध्यम से सभी घायलों को जिला अस्पताल लाए गए. जहां डॉक्टरों द्वारा उपचार किया जा रहा है.
मिनी पिकअप और नंदन बस की टक्कर
इधर, दूसरी घटना छिंदवाड़ा (Chhindwara Road Accident) से आई है. शनिवार देर शाम कुंडीपुरा थाना इलाके में मिनी पिकअप और नंदन बस की भिंडत हो गई. हादसे में बस सवार यात्री घायल बताए जा रहे हैं. यह हादसा इसरा उमरिया के समीप हुआ है. घटना कुंडीपुरा थाना सीमा की बताई जा रही है. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची.
फिलहाल घायलों की संख्या पुलिस द्वारा साफ नहीं की जा सकी है. हादसे में मिनी ट्रक के टायर फटने की जानकारी सामने आ रही है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. कुंडीपुरा थाना प्रभारी महेंद्र भगत ने बताया कि घटना में किसी भी व्यक्ति को कोई गंभीर चोट नहीं आई है.