भिंड में कांवड़ियों का उत्पात: ई-रिक्शा में लगाई आग, चालक से मारपीट, ग्रामीणों ने बचाई जान

Bhind News: टक्कर लगते ही कांवड़ियों ने ई-रिक्शा चालक को घेर लिया. पहले जमकर गाली-गलौज हुई और फिर कांवड़ियों ने चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि चालक को पीटने के बाद उसे जलाने का भी प्रयास किया गया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Bhind E-rickshaw Fire: भिंड जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत डीडी गांव में कांवड़ियों द्वारा उत्पात मचाने का मामला सामने आया है. कांवड़ियों ने एक ई-रिक्शा चालक के साथ मारपीट की और उसके ई-रिक्शा में आग लगा दी. देखते ही देखते ई-रिक्शा धू-धू कर जलने लगा और कुछ ही देर में पूरी तरह जलकर खाक हो गया. घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है.

कैसे हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा चालक फूप से भिंड की ओर आ रहा था. इसी दौरान डीडी गांव के पास ई-रिक्शा से पीछे से कांवड़ियों को टक्कर मार दी. टक्कर के कारण कांवड़ियों की कांवड़ खंडित हो गई, जिससे उनका गुस्सा फूट पड़ा. बताया जा रहा है कि यह कोई सामान्य कांवड़ नहीं थी बल्कि बड़ी कांवड़ थी, जिसे 50 से 60 कांवड़िये मिलकर लेकर आ रहे थे. यह कांवड़ यात्रा उत्तर प्रदेश के सिंगिरामपुर से करीब 185 किलोमीटर दूर से लाई जा रही थी.

चालक के साथ मारपीट, आग लगाने का प्रयास

टक्कर लगते ही कांवड़ियों ने ई-रिक्शा चालक को घेर लिया. पहले जमकर गाली-गलौज हुई और फिर कांवड़ियों ने चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि चालक को पीटने के बाद उसे जलाने का भी प्रयास किया गया. घटना के दौरान आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और उन्होंने बीच-बचाव कर चालक को कांवड़ियों के चंगुल से बचाया. ग्रामीणों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया, नहीं तो चालक की जान भी जा सकती थी.

ई-रिक्शा में लगाई आग

चालक को बचाने के बाद भी कांवड़ियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ.आरोप है कि कांवड़ियों ने ई-रिक्शा में आग लगा दी. देखते ही देखते ई-रिक्शा धू-धू कर जलने लगा और कुछ ही देर में पूरी तरह जलकर खाक हो गया. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन तब तक ई-रिक्शा पूरी तरह जल चुका था.

Advertisement

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ कर बयान दर्ज किए हैं. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

इलाके में तनाव का माहौल

घटना के बाद डीडी गांव और आसपास के क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह सड़क पर उत्पात और आगजनी करना कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है.

Advertisement
Topics mentioned in this article