आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर ग्वालियर-शिवपुरी मार्ग पर मोहना और घाटीगांव के बीच कंटेनर चालक से रंगदारी मांगकर उसके 12 टायरों को गोलियों से भूनने वाला ₹30 हजार का इनामी बदमाश कल्ली गुर्जर घटना के चार दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. ग्वालियर, श्योपुर और मुरैना जिलों के 30 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की टीम उसकी तलाश में जंगलों और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है. पुलिस को आशंका है कि वह मुरैना और धौलपुर के घने जंगलों में छिपा हुआ है.
डकैत की हाईवे पर एंट्री से दहशत
कल्ली गुर्जर जंगल में बंदूक की नोक पर लोगों से अवैध वसूली करता है. अब तक वह घने जंगलों के भीतर सीमित था, जहां रेत और पत्थर ढोने वाले ट्रैक्टर चालकों, राजस्थान से मवेशी चराने आने वाले चरवाहों से अडीबाजी करता था. लेकिन, इस बार जब उसने सीधे नेशनल हाईवे पर एंट्री ली तो पुलिस-प्रशासन और ट्रांसपोर्टर्स में हडकंप मच गया. पूरे इलाके में यह इस तरह की पहली ही खौफनाक वारदात है. इसके बाद से कल्ली गुर्जर सुर्खियों में आ गया. ऐसे में आइए जानते हैं कौन है डकैत कल्ली गुर्जर...
नत्थी गुर्जर और उसके 5 बेटे अपराधी
गर्भवती महिला का अपहरण कर चर्चा में आया था कल्ली
डकैत कल्ली की सबसे ज्यादा चर्चा पिछले साल 2025 में हुई थी. उसने ग्वालियर के तिघरा क्षेत्र के एक गांव में अपने साथियों के साथ अंधाधुंध फायरिंग की और एक घर में घुसकर गर्भवती महिला को अगवा कर ले गया था. यह महिला कल्ली का भाई डकैत भाई योगी गुर्जर की कथित पूर्व प्रेमिका था, जिससे वह शादी करना चाहता था. लेकिन, युवती के परिजनों ने उसकी शादी ग्वालियर जिले के एक दूसरे गांव में कर दी थी.
भाई की पूर्व प्रेमिका को किया अगवा
शादी के कुछ महीनों बाद ही कल्ली अपने भाई योगी और अन्य बदमाशों के साथ उसके घर पहुंचा. महिला के पति, ससुर और परिजनों को बंदूक की बटों से पीटकर लहूलुहान किया और गर्भवती महिला को उठाकर ले गया. कई दिनों की तलाश के बाद पुलिस ने महिला को सुरक्षित बरामद किया और डकैत योगी को जेल भेज दिया, लेकिन कल्ली फरार होने में कामयाब रहा.
गाड़ियों से चलते हैं बदमाश, जंगल में बदलते हैं ठिकाने
अब जानिए क्या है मामला?
दरअसल, यह घटना 26 जुलाई की है. भोपाल निवासी 24 वर्षीय कंटेनर चालक अपने हेल्पर के साथ दिल्ली से किराना (परचून) का सामान लादकर भोपाल जा रहा था। सुबह करीब 11:30 बजे घाटीगांव और मोहना के बीच सिरसा से आगे सिधाईगढ़ा के पास एक सफेद कार ने कंटेनर को ओवरटेक करके रोक लिया. कार से डकैत कल्ली गुर्जर अपने दो साथियों के साथ उतरा और चालक को धमकाते हुए बोला- "अगर इस रोड पर गाड़ी चलानी है तो रुपये देने पड़ेंगे. " जब चालक ने रंगदारी देने से इनकार किया तो आरोपियों ने बंदूक से ताबड़तोड़ फायरिंग कर कंटेनर के सभी 12 टायरों को गोलियों से फोड़ दिया. इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी मौके से फरार हो गए. इसके बाद चालक ने घाटीगांव थाने केस दर्ज कराया.
30 हजार का इनाम घोषित किया
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इनामी बदमाश कल्ली गुर्जर और उसके गिरोह की तलाश लगातार जारी है. घाटीगांव और तिघरा थाना पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने ₹30 हजार का इनाम घोषित कर रखा है. जल्द ही उसे पकड़कर जेल भेजा जाएगा.