ईरान-इजरायल जंग का असर: रमजान में महंगे होंगे खजूर-ड्रायफ्रूट्स, ईद से पहले 25 फीसदी तक घट सकती बिक्री

MP News: मार्च 2026 में ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध का असर मध्य प्रदेश के बुरहानपुर के ड्रायफ्रूट्स बाजार पर दिखने लगा है. खाड़ी देशों से आयात रुकने के कारण खजूर और ड्रायफ्रूट्स के दाम 20-40% तक बढ़ सकते हैं, जिससे ईद से पहले कारोबार और बिक्री प्रभावित होने की आशंका है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
iran israel war impact India Madhya Pradesh burhanpur dry fruits price rise ramadan eid

ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच मार्च 2026 में जारी तनाव और जंग का असर अब मध्य प्रदेश के बुरहानपुर के बाजारों में भी दिखाई देने लगा है. अल्पसंख्यक बाहुल्य जिले बुरहानपुर में पवित्र माह रमजान के दौरान खजूर और ड्रायफ्रूट्स की काफी मांग रहती है, लेकिन इस बार हालात अलग हैं. खाड़ी देशों से आने वाले खजूर और ड्रायफ्रूट्स का आयात प्रभावित होने से स्थानीय व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है. सप्लायर्स ने पहले ही ड्रायफ्रूट्स के दामों में करीब 20 से 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी कर दी है.

पहले से किया गया था स्टॉक

बुरहानपुर के ड्रायफ्रूट्स कारोबारी समीर बागवान ने बताया कि रमजान को देखते हुए स्थानीय व्यापारियों ने खजूर और ड्रायफ्रूट्स का पर्याप्त स्टॉक पहले ही कर लिया था. फिलहाल पुराने दामों पर ही बिक्री की जा रही है.

हालांकि उनका कहना है कि यह स्टॉक केवल 10 से 15 दिन का ही बचा है. इसके बाद यदि नया माल मंगाना पड़ा तो बढ़े हुए दामों पर खरीदना पड़ेगा और मजबूरन ग्राहकों को भी महंगे दामों पर बेचना होगा. 

iran israel war impact India Madhya Pradesh burhanpur dry fruits price rise ramadan eid

इन देशों से आता है ड्रायफ्रूट्स

व्यापारियों के अनुसार खजूर और कई तरह के ड्रायफ्रूट्स मुख्य रूप से ईरान, इजरायल और खाड़ी देशों से आते हैं. इन क्षेत्रों में जारी युद्ध और तनाव के कारण आयात पर असर पड़ा है. इसी कारण बाजार में सप्लाई कम होने की आशंका है और कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो सकती है.

Advertisement

ईद पर महंगे होंगे खजूर-ड्रायफ्रूट्स

व्यापारियों का कहना है कि करीब 20 दिन बाद ईद का पर्व आने वाला है. ऐसे में यदि सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो ईद के समय लोगों को खजूर और ड्रायफ्रूट्स 20 से 40 प्रतिशत तक महंगे दामों पर खरीदने पड़ सकते हैं. 

iran israel war impact India Madhya Pradesh burhanpur dry fruits price rise ramadan eid

25 प्रतिशत तक घट सकती है बिक्री

समीर बागवान के अनुसार कीमतें बढ़ने का सीधा असर बिक्री पर भी पड़ेगा. उनका अनुमान है कि इस बार ईद के दौरान खजूर और ड्रायफ्रूट्स की बिक्री करीब 25 प्रतिशत तक कम हो सकती है. बुरहानपुर में बड़ी संख्या में पसमांदा मजदूर और बुनकर वर्ग के मुस्लिम परिवार रहते हैं. महंगाई के कारण वे इस बार कम मात्रा में ड्रायफ्रूट्स खरीद सकते हैं.

Advertisement

रमजान में 1 करोड़ तक का कारोबार

व्यापारियों के मुताबिक बुरहानपुर में रमजान के दौरान ड्रायफ्रूट्स का अच्छा कारोबार होता है. अनुमान है कि रमजान के आखिरी दस दिनों और ईद से पहले के सप्ताह में यहां करीब 1 करोड़ रुपये तक का ड्रायफ्रूट्स कारोबार होता है. लेकिन इस बार कीमतों में बढ़ोतरी के कारण कारोबार का करीब 25 प्रतिशत हिस्सा प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है.