Indore: सीवरेज चैंबर में दम घुटने से मारे गए दो कर्मचारी, मध्‍य प्रदेश सरकार पर‍िजनों को देगी 30-30 लाख

इंदौर में 2 मार्च 2026 की देर शाम चोइथराम अस्पताल के पास हुई दुखद घटना में नगर निगम के दो आउटसोर्स कर्मचारी करण यादव और अजय डोडिया की मौत हो गई. महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए जांच के आदेश दिए हैं. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दोनों मृतकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. 

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Indore News: मध्य प्रदेश के इंदौर में 2 मार्च 2026 (सोमवार) की देर शाम चोइथराम अस्पताल के पास सीवरेज चैंबर की सफाई के दौरान दम घुटने से नगर निगम के दो आउटसोर्स कर्मचारी करण यादव और अजय डोडिया की मौत हो गई थी. इस घटना ने होली के पर्व की खुशियों को मातम में बदल दिया और पूरे नगर निगम परिवार में शोक की लहर दौड़ गई.

इंदौर नगर निगम के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा नगर निगम परिवार दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों के साथ खड़ा है. उन्होंने मामले की जांच के आदेश भी दिए हैं और कहा है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

घटना की जानकारी मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी दी गई. इसके बाद मुख्यमंत्री ने दोनों मृतक कर्मचारियों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. फिलहाल मामले की जांच जारी है. नगर निगम प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.