नई कार की पार्टी में मौत: इंदौर के तिंचा फॉल पर 500 फीट खाई में गिरे दो दोस्त

Indore Accident News: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में तिंचा फॉल पर नई कार की पार्टी मनाने गए तीन दोस्तों में से दो युवक 500 फीट गहरी खाई में गिर गए. हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे दोस्त ने पुलिस को सूचना दी.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Indore Accident News: मध्य प्रदेश के इंदौर के सिमरोल थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध तिंचा फॉल पर देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. नई कार की पार्टी मनाने गए तीन दोस्तों में से दो युवक 500 फीट गहरी खाई में गिर गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है.

नई कार की खुशी मनाने पहुंचे थे दोस्त

डीसीपी उमाकांत चौधरी के मुताबिक अभिनव पाठक ने हाल ही में नई कार खरीदी थी. इसी खुशी में वह अपने दोस्तों अशोक और सुमित के साथ सिमरोल क्षेत्र के तिंचा फॉल पर पार्टी मनाने गया था. बताया जा रहा है कि देर रात करीब 3 बजे तीनों दोस्त फॉल के पास खाई के किनारे बैठे हुए थे और बातचीत कर रहे थे.

इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से अशोक और सुमित करीब 500 फीट गहरी खाई में गिर गए. खाई काफी गहरी होने के कारण दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीम

घटना के बाद अभिनव पाठक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही सिमरोल थाना पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई. रात का समय होने और खाई बेहद गहरी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा.

Advertisement

करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से दोनों युवकों के शव खाई से बाहर निकाले जा सके. इसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

पुलिस ने शुरू की जांच

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और उस समय वहां क्या स्थिति थी. साथ ही पुलिस आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा रही है.

Advertisement