इंदौर के शातिर जालसाज का कारनामा, पुलिस ने बरामद की 39 कारें; लोगों से किराए पर लेकर करने लगता था ये काम

इंदौर में एक शातिर जालसाज संजय कालरा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जो लोगों से लग्जरी कारें किराए पर लेता था और उन्हें अन्य स्थानों पर गिरवी रख देता था. पुलिस ने उसके पास से 39 लग्जरी कारें बरामद की हैं, जिनकी कीमत लगभग 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

MP News in Hindi: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले इंदौर में एक शातिर जालसाज पकड़ा गया है. वह लोगों से लग्जरी कारों को किराए पर ले लेता था, फिर उन्हीं कारों को किसी और के पास गिरवी रख देता. पुलिस ने आरोपी के पास से एक-एक इतनी कारें जब्त कीं, जिनसे कारों का अड्डा सा लग गया. कारों की कीमत करोड़ों रुपये में बताई जा रही है.

क्या है मामला

पुलिस के अनुसार, मामला अन्नपूर्णा थाने का है. इसका खुलासा तब हुआ जब एक व्यक्ति शिकायत लेकर थाने पहुंचा. उसने आरोपी संजय कालरा के खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था. जब आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया तो फिर कई लोग उसके खिलाफ शिकायत लेकर थाने पहुंच गए. उन्होंने भी आवेदन में यही आरोप लगाया कि संजय कालरा उनकी लग्जरी कारें किराए पर ले लेता था. वह उन्हें हर महीने किराए के रूप में मोटा मुनाफा देने का लालच देता था.

कई महीनों का नहीं दिया किराया

संजय ने कारें लेने के बाद कई महीनों तक किराया नहीं दिया. फिर पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर 24 लग्जरी कारें बरामद कर लीं. पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लिया, जिसमें और भी खुलासे हुए. पुलिस का कहना है कि वह कोर्ट से उसका रिमांड बढ़ाने के लिए आवेदन देगी, ताकि उससे पूछताछ करने के बाद उसके खेल का खुलासा हो सके.

Advertisement

पुलिस ने अभी तक आरोपी के पास 39 लग्जरी कारें बरामद कर ली हैं. जब्त कारों की कीमत 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है. आरोपी ने कारें किराए पर लेकर अन्य स्थानों पर गिरवी रख दिया था.

ये भी- मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की आज की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें