Indore News: सीवर टैंक में सफाई करने उतरे 2 निगमकर्मियों की मौत, जहरीली गैस बनी जानलेवा

Indore News: इंदौर के चोइथराम मंडी गेट पर सीवर चैंबर में उतरे दो नगर निगम कर्मचारियों की जहरीली गैस से दम घुटने के कारण मौत हो गई. राजेंद्र नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. चोइथराम मंडी गेट के पास सीवर चैंबर की सफाई के दौरान दो नगर निगम कर्मचारियों की दम घुटने से मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टैंक के अंदर मौजूद जहरीली गैस के कारण दोनों कर्मचारी बेहोश हो गए और उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.

बताया जा रहा है कि मशीन से सफाई का काम पूरा होने के बाद मशीन का एक पार्ट चैंबर में गिर गया था. उसी पार्ट को निकालने के लिए दोनों कर्मचारी सीवर टैंक में उतरे थे. मृतकों की पहचान करण यादव और अजय दूधिया के रूप में हुई है. DCP कृष्ण लाल चंदानी ने बताया कि दोनों ही कर्मचारियों के शवों को निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है.

बचाव के लिए उतरे लोग, SDRF को बुलाया गया

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया. दोनों कर्मचारियों को बचाने के लिए एक अन्य सफाई कर्मचारी और एक स्थानीय नागरिक भी चैंबर में उतरे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया था, हालांकि तब तक दोनों कर्मचारियों की मौत हो चुकी थी.

पुलिस जांच में जुटी

मामले की जांच राजेंद्र नगर थाना पुलिस कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं और गैस की जांच के लिए आवश्यक उपकरणों का इस्तेमाल क्यों नहीं हुआ.

Advertisement