मध्य प्रदेश के इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में एक बार फिर स्वास्थ्य से जुड़ा मामला सामने आया है. जन्मदिन की पार्टी में दाल-बाफले खाने के बाद 30 से ज्यादा लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए. सभी लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत हुई.
दाल-बाफले खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, भागीरथपुरा की शुक्ला गली में एक जन्मदिन पार्टी का आयोजन किया गया था. पार्टी में मेहमानों को दाल-बाफले परोसे गए थे. सुबह अचानक कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी. एक-एक कर 30 से ज्यादा मेहमान उल्टी और दस्त की चपेट में आ गए.
हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी की हालत गंभीर नहीं बताई गई है. सभी लोगों ने अलग-अलग निजी क्लीनिकों में इलाज कराया. फिलहाल किसी को अस्पताल में भर्ती नहीं करना पड़ा है.
स्वास्थ्य और खाद्य विभाग की टीम पहुंची मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई. टीम ने परोसे गए भोजन के सैंपल जांच के लिए लिए हैं. साथ ही नगर निगम की टीम ने क्षेत्र से पानी के सैंपल भी एकत्र किए हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि फूड पॉइजनिंग की वजह भोजन था या दूषित पानी.
पहले भी दूषित पानी से हो चुका है बड़ा हादसा
गौरतलब है कि भागीरथपुरा क्षेत्र पहले भी दूषित पानी की वजह से सुर्खियों में रहा है. दिसंबर-जनवरी में इसी इलाके में कथित रूप से दूषित पानी पीने से कई लोगों की मौत का मामला सामने आया था. ताजा घटना के बाद एक बार फिर प्रशासन की निगरानी और पानी की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं. अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि बीमारी की असली वजह क्या थी?