IMD Weather Alert: एमपी के कई जिलों में बारिश के आसार, 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी हवा 

आईएमडी ने मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश, गरज‑चमक और 30–40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने का अलर्ट जारी किया है. ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, कटनी, जबलपुर सहित कई जिलों में मौसम बदलने की संभावना है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

IMD Weather Alert MP: मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि राज्य के कई जिलों में अगले कुछ घंटों में बारिश, गरज‑चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. अलग‑अलग इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की सलाह दी गई है.

कई जिलों में बारिश और आंधी की संभावना

आईएमडी के भोपाल केंद्र के अनुसार, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, कटनी, जबलपुर, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में हल्की बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अनुमान है. इन इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है और अचानक हवाओं की रफ्तार बढ़ सकती है.

Advertisement

तेज हवाएं चलने का अनुमान

आईएमडी ने बताया कि इन जिलों में हवा की गति 30–40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. वहीं राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और वहां फिलहाल किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं.

लोगों और किसानों को सावधानी बरतने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से आंधी‑तूफान के दौरान घर के अंदर रहने, पेड़ों और ढीले ढांचे के आसपास खड़े न होने एवं बिजली के उपकरणों को अनप्लग करने की सलाह दी है. किसानों को भी सिंचाई, खाद डालने और कीटनाशक छिड़काव जैसे काम कुछ समय के लिए रोकने को कहा गया है. विभाग ने कहा है कि अचानक मौसम बदलने से कटी फसलों और पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखकर नुकसान से बचा जा सकता है.

कुछ जिलों में लू, कई जगह तापमान सामान्य से अधिक

पिछले 24 घंटों में राज्य के ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रहा, जबकि नर्मदापुरम में लू चली. भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और जबलपुर संभागों में तापमान सामान्य से 1.7 से 2.7 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रिकॉर्ड किया गया. राज्य का सबसे ज्यादा तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस नर्मदापुरम में दर्ज हुआ, जबकि पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस रहा.

कई जगह गर्मी तेज, पहाड़ों पर राहत

रतलाम (39.6°C), विदिशा (39.1°C) और भोपाल के बेरेशिया (39°C) सबसे ज्यादा गर्म स्थानों में शामिल रहे. इसके विपरीत, पचमढ़ी और अमरकंटक में अधिकतम तापमान 32.4°C और 32.5°C रहा, जिससे वहां हल्की ठंडक महसूस हुई. कुछ जगह रात का तापमान भी बढ़ा है भोपाल और ग्वालियर संभाग में यह 2.3°C से 3°C तक अधिक रहा. कन्नौद (24.9°C) और पृथ्वीपुर (23.5°C) में रात सबसे गर्म रही.

Advertisement

भोपाल का मौसम पूर्वानुमान

आईएमडी के अनुसार, 28 मार्च को भोपाल में आसमान साफ़ रहेगा. अधिकतम तापमान 38°C और न्यूनतम तापमान 20°C रहने की संभावना है. हवा की गति 12-14 किमी प्रति घंटे के बीच रहेगी. मौसम विभाग ने कहा है कि गर्मी बढ़ने के साथ लोगों को पर्याप्त पानी पीने, बाहर जाते समय सावधानी बरतने और धूप में लंबे समय तक रहने से बचने की जरूरत है. बदलता मौसम स्वास्थ्य पर असर डाल सकता है, इसलिए सावधानी सबसे बड़ा बचाव है.