भिंड जिले के मौ थाना क्षेत्र के बमरौली गांव में शनिवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया. प्रेम प्रसंग और घरेलू विवाद के चलते एक सनकी पति ने अपनी 11 वर्षीय मासूम बेटी के सामने पहले पत्नी की गोली मारकर हत्या करने की कोशिश की और जब वह बच गई तो खुद अपने सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.
मौ थाना प्रभारी के रघुवीर मीणा अनुसार, मनोज यादव (40) का एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसी बात को लेकर उसकी पत्नी रामदेवी से आए दिन विवाद होता था. मनोज शनिवार को शराब के नशे में घर पहुंचा. कथित रूप से पत्नी की हत्या की योजना बनाकर उसे और अपनी 11 वर्षीय बेटी मोहिनी को घर के पास बनी गौशाला में ले गया.
हाथापाई के बाद मारी पत्नी को गोली
गौशाला में पहुंचते ही पति-पत्नी के बीच कहासुनी और हाथापाई शुरू हो गई. इसी दौरान मनोज ने देशी कट्टे से पत्नी रामदेवी पर फायर कर दिया. हालांकि, उसका निशाना चूक गया और गोली रामदेवी के पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी. पत्नी को मारने में नाकाम रहने के बाद मनोज ने उसी कट्टे से अपने सिर में गोली मार ली. गोली लगते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
इस खौफनाक घटना की चश्मदीद 11 वर्षीय बेटी मोहिनी रही. पिता को आत्महत्या करते और मां को खून से लथपथ देख वह जोर-जोर से चीखने लगी. उसकी आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी.
रामदेवी का इलाज जारी
सूचना मिलते ही मौ थाना पुलिस मौके पर पहुंची. घायल रामदेवी को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है. वहीं, पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. फोन पर हुई बातचीत में पुलिस ने बताया कि मृतक मनोज यादव के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, मारपीट और चोरी जैसे कई आपराधिक मामले दर्ज थे.
प्रेम-प्रसंग मानी जा रही वजह
प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग और पारिवारिक कलह को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है. पुलिस ने मामला दर्ज कर हथियार, घटनास्थल और अन्य सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है.
इस दर्दनाक वारदात ने एक बार फिर पारिवारिक विवाद और अवैध संबंधों से उपजे हिंसक घटनाक्रम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सबसे अधिक सदमे में वह 11 वर्षीय मासूम बेटी है, जिसने अपनी आंखों के सामने परिवार को बिखरते देखा.