धार जिले के बदनावर में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया. हादसा बदनावर-बड़वानी-उज्जैन मार्ग पर हुआ, जहां रॉन्ग साइड से आ रहे कंटेनर ने एक इको कार को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग गुजरात के दाहोद जिले के रहने वाले बताए गए हैं.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इको कार में सवार लोग उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन करने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान हाईवे पर सामने से गलत दिशा में आ रहे कंटेनर ने उनकी कार को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार छह लोगों की मौत हो गई.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
रॉन्ग साइड से आया कंटेनर
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कंटेनर चालक रॉन्ग साइड से वाहन चला रहा था. पुलिस ने कंटेनर चालक को पकड़ लिया है. शुरुआती जांच में चालक के शराब के सेवन की बात भी सामने आई है. हालांकि, इसकी पुष्टि संबंधित जांच और मेडिकल प्रक्रिया के आधार पर की जाएगी.
धार के एएसपी विजय डावर ने बताया कि हादसे में छह लोगों की मृत्यु हुई है और एक व्यक्ति घायल है. मृतक दाहोद, गुजरात के रहने वाले थे और उज्जैन दर्शन के बाद लौट रहे थे. प्रारंभिक जानकारी में रॉन्ग साइड से आए कंटेनर चालक द्वारा टक्कर मारने की बात सामने आई है. चालक को पकड़ लिया गया है और मामले में गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है.
गंभीर धाराओं में कार्रवाई
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कंटेनर चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है. हादसे के वास्तविक कारणों और चालक की स्थिति को लेकर जांच जारी है. पुलिस दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी जुटा रही है.
बदनावर में हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर रॉन्ग साइड ड्राइविंग और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. धार्मिक दर्शन के बाद घर लौट रहे परिवार के छह सदस्यों की मौत से दाहोद क्षेत्र में भी शोक की लहर है.