मध्य प्रदेश में मानसून की रफ्तार अब तेजी पकड़ चुकी है. मौसम केंद्र ने प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई जिलों में सुबह से ही घने काले बादल छाए हुए हैं और तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है.
प्रदेश में इस समय एक साथ कई वेदर सिस्टम एक्टिव हैं, जिसके चलते अगले 4 दिनों तक झमाझम बारिश का दौर जारी रहेगा.
मूसलाधार बारिश की संभावना
एमपी के धार, बड़वानी और खरगोन जिलों में बारिश का ‘रेड अलर्ट' जारी किया गया है. अनुमान है कि यहां 8 इंच तक बारिश हो सकती है. इसके अलावा पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ और जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ 4 से 8 इंच तक मूसलाधार बारिश होने की प्रबल संभावना है, जिससे नदी-नाले उफान पर आ सकते हैं. रायसेन, नर्मदापुरम, हरदा, छिंदवाड़ा, बालाघाट और पांढुर्ना में भी बारिश की संभावना है
#WATCH | Indore, Madhya Pradesh: Heavy rain occurred in several parts of the city. pic.twitter.com/sCVs3KOhZt
— ANI MP/CG/Rajasthan (@ANI_MP_CG_RJ) July 1, 2026
जून में उम्मीद से कम बारिश
मौसम केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, इस साल जून महीने में उम्मीद से 28% कम पानी बरसा है, जिससे किसान और आम जनता परेशान है. अब जुलाई की शुरुआत के साथ ही मानसून के मजबूत होने से अब अच्छी बारिश की उम्मीद जाग गई है.
अगले 4 दिनों तक पूरे प्रदेश में बैक-टू-बैक वेदर सिस्टम सक्रिय रहने के कारण झमाझम बारिश होगी, जो जून की कमी को पूरा कर देगी. प्रशासन ने भी भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए निचले इलाकों में अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं.
ये भी पढ़ें- पत्नी की हत्या कर शव को कोबरा से डसवाया, पूर्व बैंक मैनेजर को उम्रकैद; इंदौर कोर्ट का बड़ा फैसला