Heart Attacks: बड़वानी बस स्टैंड पर दिखा दर्दनाक मंजर, चार साल के बेटे के सामने पिता ने पल भर में तोड़ दिया दम

Silent Attacks: अलीराजपुर निवासी लगभग 35 वर्षीय राकेश डावर अपने बेटे के साथ सेंधवा से अलीराजपुर लौट रहा था. वह बड़वानी के नए बस स्टेशन से अलीराजपुर जाने वाली बस में सवार हुआ था. बस में बैठने के कुछ ही देर बाद युवक को अचानक घबराहट और चक्कर महसूस हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह सीट से नीचे गिर गया. पहले लोगों को लगा कि सामान्य चक्कर आया है, लेकिन जब युवक उठ नहीं पाया तो बस में बैठे यात्रियों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Heart Attacks in Barwani: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के बड़वानी (Barwani) शहर के नए बस स्टेशन पर शुक्रवार शाम एक बेहद दर्दनाक और विचलित कर देने वाली घटना सामने आई. सफर के दौरान एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ी और कुछ ही मिनटों में उसकी मौत हो गई. सबसे मार्मिक दृश्य यह रहा कि युवक अपने चार साल के मासूम बेटे के साथ यात्रा कर रहा था, जो पूरी घटना के दौरान पिता के पास ही मौजूद रहा.

जानकारी के अनुसार, अलीराजपुर निवासी लगभग 35 वर्षीय राकेश डावर अपने बेटे के साथ सेंधवा से अलीराजपुर लौट रहा था. वह बड़वानी के नए बस स्टेशन से अलीराजपुर जाने वाली बस में सवार हुआ था. बस में बैठने के कुछ ही देर बाद युवक को अचानक घबराहट और चक्कर महसूस हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह सीट से नीचे गिर गया. पहले लोगों को लगा कि सामान्य चक्कर आया है, लेकिन जब युवक उठ नहीं पाया तो बस में बैठे यात्रियों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई.

Advertisement

बस स्टैंड पर बैठा… और थम गई सांसें

बस से नीचे उतारने के बाद युवक को बस स्टेशन परिसर में छांव में बैठाया गया. वह खंभे का सहारा लेकर बैठा रहा, लेकिन कुछ ही मिनटों में उसकी हालत गंभीर हो गई. मौके पर मौजूद लोगों ने मदद के लिए आवाज लगाई और स्थानीय लोगों को सूचना दी. सामाजिक कार्यकर्ता अजीत जैन को जानकारी मिलने पर वे तुरंत घटनास्थल पहुंचे, लेकिन तब तक युवक की सांसें थम चुकी थीं. बाद में स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

बेटे के सामने पिता की मौत से भावुक हुए लोग

घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल बन गया. बस स्टेशन पर मौजूद लोगों ने बताया कि युवक का छोटा बेटा पूरे समय पिता के पास खड़ा रहा, जिसे समझ ही नहीं आ रहा था कि आखिर क्या हो गया. स्थानीय नागरिकों ने कहा कि इस तरह अचानक हो रही मौतें चिंता का विषय बनती जा रही हैं और लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए.

लगातार बढ़ रहे अचानक मौत के मामले

हाल के दिनों में जिले में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत की घटनाएं बढ़ी हैं. कुछ समय पहले भी एक व्यक्ति की शादी समारोह में डांस करते समय मौत हो गई थी. स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि तनाव, जीवनशैली और अनदेखी स्वास्थ्य समस्याएं ऐसे मामलों की बड़ी वजह बन रही हैं.

यह भी पढ़ें- Car Accident: कटनी में बेकाबू कार का कहर! बाजार में घुसी गाड़ी, चार दुकानें तबाह

घटना की सूचना के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सूचना दी गई है. प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक या अचानक स्वास्थ्य समस्या माना जा रहा है, हालांकि अंतिम पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही होगी.

Advertisement

यह भी पढ़ें- MP की क्रिकेटर क्रांति गौड़ को Tata Motors ने द‍िया होली तोहफा, घर भेज दी चमचमाती कार