MP News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले की रहने वाली 40 वर्षीय सीमा बाथम की कर्नाटक के यादगिरी जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. आरोप है कि पति मेघसिंह बाथम शव को बिना स्थानीय पुलिस को सूचना दिए 1400 किलोमीटर दूर ग्वालियर के सुपावली गांव ले आया और अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी.
परिजनों के पहुंचते ही मचा हंगामा
मृतका के भाई राकेश बाथम को 26 मार्च की सुबह अंतिम संस्कार की जानकारी मिली. वे परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे और अंतिम संस्कार का विरोध करते हुए हंगामा किया. उन्होंने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या का आरोप लगाया.
gwalior woman suspicious death karnataka
पुलिस ने रुकवाया अंतिम संस्कार
सूचना मिलते ही बिजौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को देखते हुए अंतिम संस्कार रुकवा दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जयारोग्य अस्पताल के डेड हाउस भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम कराया जाएगा.
पति पर गंभीर आरोप
मायके पक्ष का आरोप है कि 25 मार्च की रात पति ने फोन पर मौत की जानकारी दी, लेकिन कर्नाटक पुलिस को सूचना नहीं दी गई. परिजनों का कहना है कि सीमा को प्रताड़ित किया जाता था और उसकी हत्या की गई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी.