'मेरी मौत का जिम्मेदार पति होगा...',ग्वालियर में युवती ने वीडियो बनाकर लगाई फांसी; जानिए क्या है वजह?

Fraud Marriage Gwalior Suicide: ग्वालियर के सिरोल में नवविवाहिता प्राची भदौरिया ने फांसी लगाकर आत्महत्या की. मौत से पहले वीडियो में पति राजू भदौरिया को जिम्मेदार बताया. परिजनों का आरोप है कि राजू ने पहली शादी छिपाकर धोखे से शादी की थी. पुलिस जांच जारी है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins

Gwalior Suicide Case: ग्वालियर के सिरोल थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. आत्मघाती कदम उठाने से पहले युवती ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए सीधे तौर पर अपने पति को जिम्मेदार ठहराया है. परिजनों का आरोप है कि पति ने खुद को अविवाहित बताकर युवती को धोखे में रखा और शादी की थी.

ईस्ट मेरेडियन सोसाइटी के फ्लैट में मिली लाश

घटना सिरोल थाना इलाके की ईस्ट मेरेडियन सोसाइटी के फ्लैट नंबर 615 की है. यहां रहने वाले राजू भदौरिया के घर में उसकी पत्नी प्राची भदौरिया का शव बेडरूम में फांसी के फंदे पर लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्राची के परिजन मौके पर पहुंचे. कमरे का दृश्य देखकर परिजनों का बुरा हाल हो गया. पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

Advertisement

Gwalior Suicide Case: प्राची के चाचा संजय सिंह चौहान ने बताया कि राजू भदौरिया ने उनकी भांजी के साथ धोखे से शादी की. दोनों के बीच उम्र का फासला करीब 15 साल था. राजू के पहले से दो बच्चे भी हैं.

15 साल का अंतर और पहली शादी का सच

मृतका के चाचा संजय सिंह चौहान ने राजू भदौरिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने बताया कि प्राची और राजू की शादी करीब छह महीने पहले वृंदावन में हुई थी. शादी के वक्त राजू ने खुद को कुंवारा बताया था और अपनी उम्र भी काफी कम बताई थी. हालांकि, शादी के बाद प्राची को पता चला कि राजू उससे करीब 15 साल बड़ा है और वह पहले से ही शादीशुदा है. इसी झूठ और धोखे को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगा था.

कागजों पर जबरन हस्ताक्षर और प्रताड़ना

परिजनों के मुताबिक,मौत से एक दिन पहले राजू अपनी ससुराल पहुंचा था, जहां उसका विवाद हुआ. आरोप है कि वहां राजू ने डरा-धमकाकर प्राची के पिता से कुछ कोरे कागजों पर हस्ताक्षर करवा लिए थे. इसके बाद प्राची जब पहली बार अपनी ससुराल पहुंची, तो उसे राजू की दूसरी शादी का कड़वा सच पता चला. परिजनों का कहना है कि सच सामने आने पर प्राची के साथ मारपीट की गई और उसे मानसिक रूप से बुरी तरह प्रताड़ित किया गया.

वीडियो में बयां किया अपना आखिरी दर्द

प्राची ने मौत को गले लगाने से पहले अपने मोबाइल में एक वीडियो रिकॉर्ड किया. इस वीडियो में उसने स्पष्ट रूप से कहा कि उसके साथ कुछ भी होता है या उसकी मौत होती है, तो उसका जिम्मेदार सिर्फ राजू भदौरिया होगा. उसने यह भी साफ किया कि उसके माता-पिता की इसमें कोई गलती नहीं है, जिनसे राजू ने धोखे और दबाव में कागजों पर दस्तखत करवाए हैं. यह वीडियो अब पुलिस के लिए जांच का सबसे बड़ा आधार बन गया है.

Advertisement

पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

सिरोल थाने के जांच अधिकारी डी.एस. कुशवाह ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस इस मामले में हत्या और आत्महत्या के लिए उकसाने, दोनों एंगल से जांच कर रही है. युवती के मोबाइल को जब्त कर लिया गया है और वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: नाबालिग को बंधक बनाया, शिकायत की तो थाने से लौट रहे ग्रामीणों पर किया हमला, गांव में तनाव का माहौल 

Advertisement