विज्ञापन

‘तेरा भाई मेरी बहन को ले गया, अब तू मुझसे शादी कर’; ये बोलकर आरोपी ने की रेप की कोशिश

ग्वालियर में युवती के घर में घुसकर जबरन शादी का दबाव बनाने और दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है. आरोप है कि मौसेरे भाई और उसके साथी ने मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी दी.

‘तेरा भाई मेरी बहन को ले गया, अब तू मुझसे शादी कर’; ये बोलकर आरोपी ने की रेप की कोशिश

Gwalior Rape Attempt Case: ग्वालियर में रिश्तों की मर्यादा को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. घर में घुसकर एक युवती से जबरन शादी का दबाव बनाया और इनकार करने पर उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की. आरोप है कि युवती का मौसेरा भाई अपने एक साथी के साथ घर में घुसा, मारपीट की, तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

घर में घुसकर बनाया शादी का दबाव

यह घटना पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के लालघाटी इलाके की है. 20 वर्षीय युवती घर के भीतर काम कर रही थी, जबकि उसके माता‑पिता आंगन में मौजूद थे. इसी दौरान युवती का मौसेरा भाई अमन मोगिया अपने रिश्तेदार सुनील मोगिया के साथ जबरन घर में घुस आया. अमन ने कहा कि युवती का भाई उसकी बहन को भगाकर ले गया है, इसलिए अब युवती को उससे शादी करनी होगी.

इनकार पर आरोपी ने की रेप की कोशिश

युवती ने शादी से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद दोनों आरोपी भड़क गए. आरोप है कि अमन ने बदनीयती से युवती का हाथ पकड़कर उसे अपनी ओर खींचा, जिससे उसका कपड़ा फट गया. युवती के शोर मचाने पर उसके पिता अंदर पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी.

बीच‑बचाव करने आई मां को भी आरोपियों ने पीटा. इसके बाद दोनों ने माता‑पिता को धक्का देकर युवती को कमरे में बंद कर दिया और घर के सामान में तोड़फोड़ की. इसी दौरान सुनील ने युवती के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की.

पीड़िता ने पुलिस को दी सूचना

काफी संघर्ष के बाद युवती आरोपियों के चंगुल से छूटकर बाहर निकलने में सफल रही और पुलिस को फोन किया. पुलिस का नाम सुनते ही आरोपी मौके से फरार हो गए और जाते‑जाते जान से मारने की धमकी दे गए. इसके बाद युवती अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई.

पुलिस ने दर्ज किया मामला, तलाश जारी

पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुरानी छावनी थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close