Viral Video MP Minister: ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और आप पार्टी नेता के बीच ग्वालियर में तीखी नोकझोंक का वीडियो सामने आया है. मामला उस समय गर्मा गया जब प्रदर्शनकारियों ने मंत्री का नाम भूमाफिया से जोड़ दिया. आरोप सुनते ही मंत्री भड़क गए और दोनों ओर से बहस शुरू हो गई. यह पूरा घटनाक्रम मंत्री के सरकारी बंगले के बाहर हुआ, जिसका वीडियो अब तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल है.
प्रदर्शनकारियों ने घेरा मंत्री का बंगला
दरअसल, ओबीसी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार और उनके समर्थक ऊर्जा मंत्री के घर के बाहर पहुंचे. उनका आरोप था कि कुछ लोग मंत्री के नाम का इस्तेमाल कर लोगों को धमका रहे हैं और प्लॉटों पर कब्जा कर रहे हैं. इसी विरोध के चलते प्रदर्शनकारियों ने बंगले के बाहर धरना देने की कोशिश की.
मंत्री के पहुंचते ही बढ़ा विवाद
धरने के दौरान ही अचानक ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर बंगले पर पहुंच गए. जैसे ही मंत्री आए, प्रदर्शनकारियों और नेताओं के बीच बातचीत शुरू हुई, लेकिन कुछ ही देर में माहौल गर्म हो गया और दोनों पक्षों में तीखी बहस छिड़ गई.
आप नेता के आरोप पर मंत्री भड़के
बहस उस समय और बढ़ गई जब आम आदमी पार्टी के नेता एडवोकेट रोहित गुप्ता ने कहा कि “भू-माफिया आपका नाम लेता है.” यह सुनते ही मंत्री तोमर नाराज हो गए. वीडियो में मंत्री साफ कहते दिखते हैं, “अगर मेरे नाम से कोई गलत काम कर रहा है तो कार्रवाई कराइए.” इसके बाद दोनों ओर से आवाजें तेज होती चली गईं और काफी देर तक नोकझोंक जारी रही.
ओबीसी नेताओं ने लगाए गंभीर आरोप
ओबीसी महासभा के नेता विजय कुमार, भूपेंद्र कराना और राजेश कुशवाहा ने भी मंत्री समर्थकों पर जमीन कब्जाने और धमकाने के आरोप लगाए. उनका कहना था कि वे अपनी बात रखने आए हैं, लेकिन उन्हें दबाने की कोशिश की जा रही है. मंत्री से चर्चा के दौरान यह विवाद और भी तीखा होता दिखा.