Viral Honesty Story Gwalior: आज के समय में जब अक्सर लालच और बेईमानी की खबरें सामने आती हैं, ऐसे में ग्वालियर से आई यह घटना दिल को सुकून देने वाली है. यहां एक ऑटो चालक ने ईमानदारी की ऐसी मिसाल पेश की, जिसने न सिर्फ एक परेशान व्यक्ति की चिंता दूर कर दी, बल्कि समाज में भरोसे को भी मजबूत किया. दो लाख रुपये नकद और कीमती जेवरों से भरा बैग पाकर भी ऑटो चालक का इरादा नहीं डगमगाया और उसने बैग उसके असली मालिक तक सुरक्षित पहुंचा दिया.
यह पूरा मामला ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र का है. देवेंद्र पवैया नामक व्यक्ति बाजार से खरीदारी करने के बाद झांसी रोड बस स्टैंड तक ऑटो में पहुंचे थे. जल्दबाजी में वह ऑटो से अपना बाकी सामान तो ले गए, लेकिन रुपयों और जेवरों से भरा एक बैग ऑटो में ही छूट गया.
काफी देर बाद ऑटो चालक की नजर पड़ी बैग पर
यात्री को उतारने के बाद ऑटो चालक वहीं खड़ा होकर दूसरी सवारी का इंतजार कर रहा था. इसी दौरान जब उसकी नजर ऑटो की पिछली सीट पर पड़ी, तो वह चौंक गया. सीट पर एक बैग रखा हुआ था. चालक समझ गया कि यह उसी यात्री का है, जिसे वह अभी लेकर आया था.
बैग में मिले रुपये और गहने
ऑटो चालक ने बैग खोलकर देखा तो उसके अंदर बड़ी रकम और कीमती गहने रखे थे. एक पल के लिए भी उसने गलत सोच को जगह नहीं दी. उसने तुरंत बैग बंद किया और पहले आसपास यात्री को तलाशने की कोशिश की, लेकिन जब वह कहीं नजर नहीं आया तो चालक सीधे झांसी रोड थाने पहुंच गया.
थाने पहुंचकर ऑटो चालक ने पूरी घटना पुलिस को बताई और बैग उनके हवाले कर दिया. इसके बाद पुलिस ने बैग में मौजूद जानकारी के आधार पर उसके मालिक की तलाश शुरू की. कुछ ही समय में देवेंद्र पवैया का पता लगा लिया गया और उन्हें थाने बुलाया गया.
बैग पाकर छलक पड़े खुशी के आंसू
जब पुलिस ने ऑटो चालक के हाथों देवेंद्र पवैया को उनका बैग वापस दिलवाया, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा. बैग में पूरे रुपये और जेवर सुरक्षित थे. भावुक हुए देवेंद्र ने ऑटो चालक का बार-बार धन्यवाद किया और उसे गले लगाकर अपनी खुशी जाहिर की.
ईमानदारी के लिए सम्मानित हुआ ऑटो चालक
इस मौके पर पुलिस और फरियादी, दोनों ने ऑटो चालक की ईमानदारी की सराहना की. पुलिस ने भी उसकी सोच और व्यवहार को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया. यह घटना साबित करती है कि आज भी हमारे बीच ऐसे लोग हैं, जिनकी ईमानदारी पर समाज को गर्व है.