Gwalior House Fraud: ग्वालियर में मकान के सौदे के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी (Property Fraud Gwalior) का मामला सामने आया है. ठगों ने एक ही मकान को कई लोगों को बेचने का झांसा देकर लाखों रुपये हड़प लिए. पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया है. ग्वालियर के शैलेंद्र सिंह कुशवाह ने बताया कि उन्होंने रामकृष्ण आश्रम रोड, ठाटीपुर स्थित शुक्ला भवन को 2.27 करोड़ रुपये में खरीदने का सौदा तय किया था.
ऐसे हुआ शक House Agreement Fraud
यह सौदा मकान मालिक केशव शुक्ला और ज्योति देवी से हुआ था. दोनों आरोपी समय–समय पर मकान आते‑जाते थे और खुद को वैध मालिक बताकर संपत्ति बेचने की बात कहते थे. बातचीत आगे बढ़ने पर शैलेंद्र ने एग्रीमेंट करने की बात रखी, जिसके बाद 2024 में दोनों ने एग्रीमेंट कर दिया और बदले में 40 लाख रुपये भी ले लिए. रजिस्ट्री की तारीख तय करने की बात आने पर दोनों आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे. कई बार आग्रह करने पर भी रजिस्ट्री नहीं की गई, जिससे शैलेंद्र को शक हुआ.
जांच में खुलासा : एक ही मकान दो लोगों को पहले भी बेचा जा चुका था
शैलेंद्र सिंह ने अपने स्तर पर जांच कराई तो पता चला कि जिस मकान का सौदा उन्होंने किया था, उसी संपत्ति का एग्रीमेंट दोनों आरोपी इससे पहले दो अन्य लोगों से भी कर चुके थे, और उनसे भी रकम ले चुके थे. इस खुलासे के बाद पीड़ित ने थाटीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई.
तीन लोगों को बेचा मकान, पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का केस
थाटीपुर थाना पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने केशव शुक्ला और ज्योति देवी सहित अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. थाटीपुर टीआई विपेंद्र सिंह चौहान के अनुसार, “एक ही मकान का सौदा तीन अलग‑अलग लोगों से किया गया है. पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.”
आरोपियों की तलाश जारी, पुलिस जुटा रही अतिरिक्त सबूत
पुलिस अब सभी पीड़ितों के बयान दर्ज कर रही है और यह भी जांच कर रही है कि संपत्ति पर वास्तविक स्वामित्व किसका है और क्या दस्तावेजों में भी कोई जालसाजी की गई है. मामले में आगे भी और लोगों के आने की संभावना जताई जा रही है.
यह भी पढ़ें : MP में गेहूं खरीदी के लिए पंजीयन तेज; अब तक इतने लाख किसानों ने कराया रजिस्ट्रेशन, ये है आखिरी तारीख
यह भी पढ़ें : NDTV Report: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के झोतेश्वर आश्रम की जमीनी पड़ताल; आरोपों के बीच सच क्या?
यह भी पढ़ें : MP Government Office Timing: एक्शन मोड में CM मोहन यादव; सरकारी कर्मचारियों की लेटलतीफी पर GAD की कड़ी नजर
यह भी पढ़ें : Community Tourism Model: बस्तर के होमस्टे ने बनाई अंतरराष्ट्रीय पहचान; UN बेस्ट टूरिज्म विलेज की ओर बढ़ते कदम