Gwalior Viral CCTV Case: ग्वालियर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां शराब के लिए रुपये न देने पर दो गुंडों ने एक व्यक्ति के घर के बाहर खड़ी स्कूटी में आग लगा दी. पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. घटना से इलाके में दहशत फैल गई और पीड़ित ने फुटेज के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.
शराब के लिए पैसे न देने पर गुंडों की हरकत
घटना हजीरा थाना क्षेत्र के बिरला नगर की है. यहां रहने वाले जंडेल सिंह ने बताया कि आरोपी पंकज कोली अपने एक साथी के साथ उनके घर पर आया और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा. जंडेल सिंह ने जब पैसे देने से मना किया, तो आरोपी ने पहले बदतमीजी की और धमकाते हुए वहां से चला गया.
रात में लौटे और स्कूटी में लगा दी आग
पीड़ित का कहना है कि कुछ देर बाद आरोपी पंकज एक अन्य युवक के साथ दोबारा आया और घर के बाहर खड़ी उनकी स्कूटी में आग लगा दी. कुछ ही सेकंड में लपटें उठने लगीं और अफरा‑तफरी का माहौल बन गया. यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में साफ दिखाई दी, जिसमें दोनों युवक स्कूटी में आग लगाते हुए नजर आ रहे हैं.
सीसीटीवी लेकर थाने पहुंचा पीड़ित
घटना के बाद जंडेल सिंह सीसीटीवी फुटेज के साथ हजीरा थाने पहुंचे. पुलिस ने फुटेज देखने के बाद तुरंत कार्रवाई की. मुख्य आरोपी पंकज कोली को पुलिस ने पकड़ लिया, जबकि उसका साथी चेतन राजावत फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है. थाना पुलिस का कहना है कि घटना गंभीर है और इसमें शामिल दोनों आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है. फरार युवक की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है.