Guna News in Hindi: मध्य प्रदेश के गुना शहर के नानाखेड़ी क्षेत्र में शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात जन्मदिन की पार्टी खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई. शराब के नशे में धुत रसूखदार युवकों ने न केवल मोहल्ले में उत्पात मचाया, बल्कि विरोध करने पर एक ही परिवार के चार सदस्यों पर जानलेवा हमला कर दिया. युवकों ने उन्हें महिंद्रा पिकअप वाहन से बेरहमी से रौंद दिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि परिवार का एक सदस्य कई फुट दूर जाकर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
मोहल्ले में भय का माहौल
बताया जा रहा है कि इन युवकों ने मोहल्ले में भय का माहौल बना रखा है. आए दिन असामाजिक तत्वों का जमावड़ा होता है, जिससे मोहल्ले की बहू-बेटियां और बच्चियां मंदिर जाने में भी कतराती हैं. परिजनों का आरोप है कि पहले भी आरोपी आनंद कुशवाह की शिकायत की गई थी, लेकिन कड़ी कार्रवाई न होने से इनके हौसले और बुलंद हो गए. फिलहाल सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है.
महिंद्रा गाड़ी से परिजनों को कुचलने की कोशिश
जानकारी के अनुसार, नानाखेड़ी क्षेत्र में पुष्पेंद्र, आकाश, दीपेंद्र रघुवंशी और उसका दोस्त आनंद अपने 20-25 साथियों के साथ सड़क पर जन्मदिन मना रहा था. देर रात तक बीच सड़क पर हो-हल्ला और गंदी गालियां दी जा रही थीं. पड़ोस में रहने वाले पूर्व भाजपा पार्षद गेंदालाल कुशवाह के परिवार ने जब मर्यादा का हवाला देते हुए उन्हें घर के बाहर गाली न देने की समझाइश दी, तो आरोपी उग्र हो गए. आरोपियों ने पहले कुशवाह परिवार पर लाठी-डंडों से हमला किया. इसके बाद दीपेंद्र रघुवंशी ने अपनी महिंद्रा गाड़ी से परिजनों को कुचलने लगा.
गाड़ी की टक्कर से एक युवक घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी की रफ्तार इतनी तेज थी कि एक युवक उछलकर कई फुट दूर जा गिरा. घटना के बाद आरोपी मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़कर फरार हो गए. बता दें कि कि शहर में इन दिनों बीच सड़क पर गाड़ियों की बोनट पर केक रखकर जन्मदिन मनाने का खतरनाक चलन बढ़ा है. नानाखेड़ी मंडी गेट, मुख्य डाकघर रोड, टेकरी रोड और पीजी कॉलेज रोड जैसे व्यस्त इलाकों में देर रात युवाओं के झुंड हुड़दंग करते नजर आते हैं. जन्मदिन की आड़ में होने वाली यह गुंडागर्दी अब आम नागरिकों की जान पर बन आई है. शराब का सेवन और तेज संगीत के बीच होने वाले ये आयोजन न केवल शांति भंग कर रहे हैं, बल्कि नानाखेड़ी जैसी हिंसक वारदातों को जन्म दे रहे हैं.
जन्मदिन मनाने के दौरान खूनी विवाद
भाजपा पार्षद के ससुर गेंदालाल कुशवाह ने बताया कि यह लोग जन्मदिन मना रहे थे और वहां पर गाली गलौज भी कर रहे थे. जब मैंने उन्हें समझाने गया कि यहां पर गाली-गलौज मत करो तो उन्होंने मेरे साथ मारपीट शुरू कर दी और फिर पिकअप बैक कर मुझ पर चढ़ा दी.
घायल राजू कुशवाहा ने बताया कि इन युवकों से कहा कि गाली गलौज मत करो... लेकिन इन लोगों ने मेरे साथ गाली-गलौज करने लगे. फिर धमकी दी इसके बाद उन्होंने मारपीट की और पिकअप से मुझे टक्कर मार दी, जिससे मैं घायल हो गया.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रात को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है, इन आरोपियों के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया गया है. जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी होगी.