कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती धोखाधड़ी मामला, दिल्ली हाईकोर्ट में अहम सुनवाई 

कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती से जुड़े धोखाधड़ी मामले में दिल्ली हाईकोर्ट में आज अहम सुनवाई होगी. दतिया भूमि विकास बैंक से जुड़े इस केस में निचली अदालत ने उन्हें तीन साल की सजा सुनाई थी, जिसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Rajendra Bharti Fraud Case: कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती से जुड़े बहुचर्चित धोखाधड़ी मामले में आज एक अहम मोड़ आने वाला है. दतिया विधानसभा क्षेत्र से जुड़े इस मामले की सुनवाई 28 अप्रैल को दिल्ली हाईकोर्ट में तय है. इस सुनवाई को लेकर न सिर्फ कानूनी, बल्कि राजनीतिक हलकों में भी खासा तनाव और उत्सुकता देखी जा रही है, क्योंकि इसका सीधा असर दतिया की राजनीति पर पड़ सकता है.

दिल्ली हाईकोर्ट में होगी सुनवाई

राजेंद्र भारती के मामले की सुनवाई आज दिल्ली हाईकोर्ट की न्यायमूर्ति स्वर्ण कांत शर्मा की बेंच में होगी. पिछली सुनवाई में शिकायतकर्ता की ओर से नोटिस का जवाब पेश नहीं किया जा सका था, जिसके चलते अदालत ने अगली तारीख 28 अप्रैल तय की थी. अब सभी पक्षों की निगाहें आज की सुनवाई पर टिकी हैं.

Advertisement

भूमि विकास बैंक से जुड़ा है मामला

यह पूरा मामला दतिया के भूमि विकास बैंक में कथित धोखाधड़ी से जुड़ा हुआ है. आरोपों के आधार पर निचली अदालत, राउज एवेन्यू कोर्ट ने राजेंद्र भारती को दोषी ठहराते हुए तीन साल की सजा सुनाई थी. इस सजा के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई थी.

रिक्त हुई दतिया विधानसभा सीट

राजेंद्र भारती की सजा के चलते दतिया विधानसभा सीट खाली हो गई है. यह सीट पहले ही राजनीतिक रूप से काफी संवेदनशील रही है, ऐसे में सीट के खाली होते ही प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है.

सजा पर स्टे के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा

पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने निचली अदालत की सजा पर रोक लगाने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट में अपील दायर की है. आज की सुनवाई इसी स्टे याचिका पर होनी है. यदि हाईकोर्ट से राहत मिलती है, तो इससे उनकी राजनीतिक स्थिति पर बड़ा असर पड़ सकता है.

पिछले चुनाव में मिली थी बड़ी जीत

गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में राजेंद्र भारती ने प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को हराकर दतिया की सीट जीती थी. इस जीत के बाद से ही दतिया राजनीतिक चर्चा का केंद्र बनी हुई है. अब सबकी नजरें दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले पर हैं. इस सुनवाई से यह साफ होगा कि आगे दतिया की राजनीतिक दिशा क्या होगी और क्या राजेंद्र भारती को कानूनी राहत मिल पाती है या नहीं.  

Advertisement