ग्वालियर में शराब ठेका विवाद में सुबह मैनेजर से की मारपीट, फिर देर रात रिश्तेदार को गोली मारी

Madhya Pradesh Hindi News: ग्वालियर में वाइन शॉप के मैनेजर को घसीटकर पीटा गया और उसके रिश्तेदार को गोली मार दी गई. घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

ग्वालियर में शराब ठेका विवाद ने रविवार को चिंताजनक मोड़ ले लिया. शहर से सटे पनिहार क्षेत्र में रविवार सुबह वाइन शॉप के मैनेजर को घसीटकर पीटा गया. इस घटना के कुछ घंटों बाद देर रात झांसी रोड इलाके में उसके रिश्तेदार को गोली मार दी गई. गोली युवक की बांह में , जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया. घटनाओं के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है.

घटना की शुरुवात रविवार दोपहर हुई. एबी रोड स्थित पनिहार के नयागांव शराब की दुकान  पर मैनेजर कुलदीप उर्फ भोला गुर्जर (25) रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे बैठा था. उसी समय स्कॉर्पियो और क्रेटा से पहुंचे अमरेश गुर्जर, भूपेंद्र गुर्जर, बंटी गुर्जर, सतेन्द्र गुर्जर और गजेन्द्र गुर्जर ने उसे गालियां देते हुए दुकान से बाहर सड़क पर घसीट लिया.

Advertisement

एफआईआर के बाद बौखलाए आरोपी

आरोपियों ने उसे लात-घूंसों से जमकर पीटा. मौके पर मौजूद दोस्त राहुल गुर्जर ने बीच-बचाव कर किसी तरह उसे बचाया. सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया, लेकिन आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आए. FIR के बाद आरोपी डरने की जगह और भी बौखला गए.

मंदिर के पास मारी गोली

मारपीट की घटना के बाद देर रात जब पीड़ित पक्ष झांसी रोड थाना क्षेत्र में शीतला माता मंदिर रोड के पास याराना ढाबा के बाहर खड़ा था, तभी हमलावर फिर वहां पहुंच गए. 
गालियां देते हुए आरोपियों ने फायरिंग कर दी, जिसमें मैनेजर के मामा मोहर सिंह गुर्जर (निवासी नूराबाद, मुरैना) घायल हो गए. गोली उनके हाथ में लगी. घायल मोहर सिंह को तुरंत मुरार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

कर्मचारी बदले जाने पर शुरू हुआ विवाद

अब तक हुई जांच में पता चला कि  1 अप्रैल से शराब ठेका बदलने के बाद पुराने कर्मचारियों को हटाकर नया स्टाफ रखा गया है. इसी बात को लेकर पुराना स्टाफ और नए मैनेजमेंट के बीच विवाद चल रहा था, जो अब हिंसक झड़प और फायरिंग की घटना तक पहुँच गया. घटना के बाद तनाव और दहशत का माहौल है.