MP News: धामनोद में CMO से अभद्रता और धमकी मामला, CDR व ऑडियो साक्ष्य के आधार पर आरोपी पर FIR दर्ज

Dhar Hindi News: धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र में नगर पंचायत की महिला अधिकारी माया मंडलोई के साथ अभद्र व्यवहार, जातिसूचक टिप्पणी और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी विष्णु के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
धामनोद की सीएमओ.

धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र में नगर पंचायत की महिला अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार, जातिसूचक टिप्पणी और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने जांच के बाद आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. यह कार्रवाई ई-एफआईआर की विस्तृत जांच और तकनीकी साक्ष्यों की पुष्टि के बाद की गई.

जानकारी के अनुसार, धामनोद नगर पंचायत की सीएमओ माया मंडलोई ने इस संबंध में ई-एफआईआर दर्ज कराई थी. शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया था कि आरोपी विष्णु ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जातिसूचक टिप्पणियां कीं और जान से मारने की धमकी दी. इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने फरियादी सहित अन्य साक्षियों के बयान दर्ज किए, जिनमें घटना की पुष्टि हुई.

Advertisement

जांच प्रक्रिया में फरियादी ने प्रस्तुत ऑडियो रिकॉर्डिंग का परीक्षण किया. साथ ही संबंधित मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) साइबर सेल से प्राप्त कर उसका विश्लेषण किया.

घटना के वक्त थाने के पीछे टहल रहीं थी सीएमओ

पुलिस के अनुसार, सीडीआर जांच में यह तथ्य सामने आया कि घटना के समय संबंधित व्यक्तियों की लोकेशन घटना स्थल के आसपास ही थी, जिससे शिकायत की पुष्टि को बल मिला. बताया जा रहा है कि यह घटना 25 फरवरी की शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच की है. उस समय सीएमओ माया मंडलोई ब्रजधाम कॉलोनी स्थित पुलिस थाना के पीछे टहल रही थीं. इसी दौरान आरोपी विष्णु स्कूटी से वहां पहुंचा और कथित रूप से उनका रास्ता रोककर गाली-गलौच की तथा धमकी दी.

पुराना केस वापस लेने का बनाया दबाव

आरोप यह भी है कि आरोपी ने पूर्व में दर्ज एक अन्य प्रकरण को वापस लेने के लिए दबाव बनाया. यह प्रकरण नगर परिषद धामनोद के सफाई संरक्षक द्वारा आरोपी के खिलाफ दर्ज कराया गया था. शिकायत के अनुसार, मामला वापस नहीं लेने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी. पुलिस ने 27 मार्च की देर रात आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है.
 

Topics mentioned in this article