दुष्कर्म पीड़िता नाबालिग हुई गर्भवती, तबियत बिगड़ने पर खुला राज; फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस  

धार, मध्यप्रदेश में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ है. स्वास्थ्य जांच के दौरान गर्भ ठहरने का पता चलने पर परिजनों ने पुलिस में शिकायत दी. पुलिस ने पीड़ित‑संवेदनशीलता बनाए रखते हुए आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Dhar minor case update, POCSO case Madhya Pradesh, Police search for accused, Crime against children news, Sexual assault law India, Child protection laws

POCSO Case Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के धार जिले में एक मासूम के साथ हुई दरिंदगी ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है. एक युवक ने नाबालिग छात्रा को झांसे में लेकर उसके साथ दुष्कर्म किया. पीड़िता गर्भवती हो गई, जिसके बाद उसके परिवार को इसके बारे में जानकारी लगी. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.  

दोस्ती की आड़ में की दरिंदगी

पीड़िता ने बताया कि वह स्कूल में पढ़ाई करती है. करीब एक साल पहले उसकी मुलाकात पवन नाम के एक युवक से हुई. पहले दोनों के बीच सामान्य बातचीत शुरू हुई, लेकिन धीरे-धीरे पवन ने छात्रा का भरोसा जीत लिया. आरोपी अक्सर छात्रा के स्कूल और घर के पास चक्कर लगाता था ताकि वह उससे मिल सके. एक दिन आरोपी उसे बहला-फुसलाकर घुमाने के बहाने एक सुनसान जगह पर ले गया और वहां उसके साथ गलत काम किया.

Advertisement

डरा-धमकाकर दूसरी बार किया रेप

पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने एक बार नहीं बल्कि दो अलग-अलग मौकों पर उसे अपनी हवस का शिकार बनाया. वह उसे डराता-धमकाता था और काम होने के बाद चुपचाप घर के पास छोड़कर फरार हो जाता था. समाज के डर और घर वालों की डांट के खौफ से वह मासूम अंदर ही अंदर घुटती रही, लेकिन उसने किसी को कुछ नहीं बताया.  

तबीयत बिगड़ने पर हुआ खुलासा

बीते कुछ दिनों से किशोरी की तबीयत लगातार खराब रहने लगी. जब पेट में दर्द और असहजता बढ़ी, तो घबराए परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए. वहां डॉक्टरों ने जब उसकी जांच की, तो रिपोर्ट देखकर सब दंग रह गए. डॉक्टरों ने बताया कि नाबालिग करीब 7 महीने की गर्भवती है. तब जाकर छात्रा ने रोते हुए अपने साथ हुई पूरी आपबीती सुनाई.

आरोपी की तलाश में पुलिस की छापेमारी

जैसे ही यह मामला पुलिस के पास पहुंचा, विभाग में हड़कंप मच गया. थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने बताया कि पीड़िता के बयानों के आधार पर आरोपी पवन के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. चूंकि आरोपी का सटीक पता अभी अज्ञात है, इसलिए पुलिस की टीमें उसकी धरपकड़ के लिए अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.