पार्षदों ने भैंस के आगे बजाई बीन, बोले- डबरा नगर परिषद में नहीं हो रहा काम, अब करेंगे आमरण अनशन

ग्वालियर के डबरा नगर परिषद में विकास कार्यों में देरी और जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर विपक्षी पार्षदों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया. नगर पालिका भवन के बाहर भैंस के आगे बीन बजाकर प्रशासन को जगाने की कोशिश की गई.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

ग्वालियर जिले की सबसे बड़ी डबरा नगर परिषद में विकास कार्यों और जनसमस्याओं के निराकरण को लेकर विरोध का अनोखा तरीका देखने को मिला. नगर पालिका प्रशासन पर लगातार उपेक्षा का आरोप लगाते हुए विपक्षी पार्षदों ने नगर पालिका भवन के बाहर धरना दिया और प्रशासन को जगाने के लिए "भैंस के आगे बीन" बजाकर सांकेतिक प्रदर्शन किया. पार्षदों का कहना है कि लंबे समय से विकास कार्यों से जुड़ी फाइलें लंबित हैं, लेकिन उनकी मांगों पर कोई सुनवाई नहीं हो रही. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आमरण अनशन शुरू करेंगे.

नगर पालिका भवन के बाहर अनिश्चितकालीन धरना

डबरा नगर परिषद की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों में हो रही देरी को लेकर विपक्षी पार्षद नगर पालिका भवन के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं. उनका आरोप है कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए कई बार मांग उठाई गई, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.

Advertisement

धरने के दौरान पार्षदों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया. वे एक भैंस को लेकर मौके पर पहुंचे और उसके सामने बीन बजाकर प्रदर्शन किया. साथ ही सांकेतिक रूप से भैंस को ज्ञापन भी सौंपा. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब उनकी बात सुनने वाला कोई नहीं है, तो यह प्रदर्शन प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाने के लिए किया है.

पार्षदों ने प्रशासन पर लगाया उपेक्षा का आरोप

आंदोलन कर रहे पार्षदों का कहना है कि धरना शुरू होने के बाद से अब तक नगर पालिका का कोई अधिकारी, जनप्रतिनिधि या अध्यक्ष का प्रतिनिधि उनकी समस्याएं सुनने नहीं पहुंचा. उनका आरोप है कि जनता से जुड़े मुद्दों और विकास कार्यों की लगातार अनदेखी की जा रही है.

पार्षद हरविंदर सिंह हीरा, पार्षद सुमित साहू तथा पार्षद पति और पूर्व पार्षद महाराज सिंह राजौरिया ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई फाइलें नगर पालिका में लंबित पड़ी हैं. उनका कहना है कि इन फाइलों को जल्द मंजूरी मिलनी चाहिए ताकि जनता को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें.

आमरण अनशन की दी चेतावनी

पूर्व पार्षद एवं पार्षद पति महाराज सिंह राजौरिया ने कहा कि यदि नगर पालिका प्रशासन ने विकास कार्यों की लंबित फाइलों को मंजूरी नहीं दी और जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अगले चरण में आमरण अनशन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी.

Advertisement