Madhya Pradesh Hindi News: मध्य प्रदेश के धार जिले में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति के बैंक खाते से 1,55, 800 रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई. ठगों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर SBI YONO ऐप के नाम पर यह वारदात को अंजाम दिया. जानकारी के अनुसार, धामनोद थाना क्षेत्र में खलघाट गांव निवासी अजय सिंह सिसोदिया (55) को 7 अप्रैल को एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया. कॉल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए कहा कि उनका SBI YONO ऐप दोबारा चालू कर दिया गया है. जैसे ही फरियादी ने अपने मोबाइल में ऐप एक्टिव किया, उसी दौरान उनके खाते से लगातार चार ट्रांजैक्शन के जरिए रकम निकाल ली गई.
इन ट्रांजैक्शनों में 90 हजार रुपये, 50 हजार रुपये, 15 हजार रुपये और 800 रुपये शामिल हैं. इस तरह कुल 1,55,800 रुपये की राशि धोखाधड़ी से निकाल ली गई. आरोपियों ने “Mohd Asif” नाम और अन्य संदिग्ध ट्रांजैक्शन आईडी का उपयोग किया, जिससे यह मामला सुनियोजित साइबर ठगी का प्रतीत हो रहा है.
पुलिस ने लोगों से की अपील
घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल सीएम हेल्पलाइन, साइबर क्राइम पोर्टल और स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई. इस पर धामनोद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब मोबाइल नंबर, बैंक ट्रांजैक्शन डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है. साथ ही आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अनजान कॉल पर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा न करें और सतर्क रहें.