विज्ञापन
This Article is From Feb 17, 2026

CRPF बटालियन के DOG 'सिम्बा' का निधन, 'गार्ड ऑफ ऑनर' के साथ किया अंतिम संस्कार

मंडला स्थित CRPF की 148वीं बटालियन में सुरक्षा अभियानों का हिस्सा रहे बहादुर डॉग ‘सिम्बा’ का बीमारी के कारण निधन हो गया. 2021 से सेवा दे रहे सिम्बा ने कई मिशनों में खतरों की समय रहते पहचान कर जवानों की जान बचाई थी.

CRPF बटालियन के DOG 'सिम्बा' का निधन, 'गार्ड ऑफ ऑनर' के साथ किया अंतिम संस्कार

CRPF Dog Simba Death: मंडला में CRPF की 148वीं बटालियन में सोमवार का दिन बेहद भावुक कर देने वाला रहा, जहां देश की सुरक्षा में वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे डॉग ‘सिम्बा' का निधन हो गया. जवानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कई मिशनों का हिस्सा रहे इस बहादुर श्वान को ‘गार्ड ऑफ ऑनर' के साथ अंतिम विदाई दी गई. कैंप में ऐसा माहौल था मानो किसी सच्चे सैनिक ने अंतिम सांस ली हो.

बीमारी से जूझ रहा था सिम्बा

148वीं सीआरपीएफ बटालियन का बहादुर डॉग सिम्बा पिछले कुछ समय से गंभीर रूप से बीमार था. डॉक्टरों ने भरसक प्रयास किए लेकिन इलाज के दौरान उसकी हालत बिगड़ती गई और अंततः आज उसने दम तोड़ दिया. सिम्बा साल 2021 से इस बटालियन का हिस्सा था और जवानों के बीच बेहद प्रिय था.

अनेक अभियानों में दिखाया अद्भुत साहस

सिम्बा अपनी तेज सूंघने की क्षमता और मुस्तैदी के लिए जाना जाता था. कई बार उसने संभावित खतरों का पहले ही पता लगाकर जवानों को सतर्क किया. बम विस्फोट जैसे जोखिम भरे हालात में उसकी भूमिका अहम रही. कई ऑपरेशनों में उसने न सिर्फ टीम की मदद की बल्कि अनगिनत जिंदगियां बचाई थीं.

सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

सिम्बा के निधन की खबर मिलते ही पूरा कैंप शोक में डूब गया. 148वीं बटालियन के मुख्यालय में उसे पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई. जिस तरह किसी वीर शहीद को सम्मान दिया जाता है, उसी प्रकार जवानों ने सिम्बा को सलामी दी, पुष्पचक्र अर्पित किए और नम आंखों से विदाई दी गई. कैंप में मौजूद हर सैनिक के लिए यह क्षण बेहद भावुक था.

'सिम्बा सिर्फ डॉग नहीं, परिवार का सदस्य था'

वाहिनी के कमांडेंट ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि सिम्बा एक वफादार साथी, बहादुर योद्धा और परिवार का हिस्सा था. उन्होंने कहा कि उसकी बहादुरी और समर्पण हमेशा जवानों को प्रेरित करते रहेंगे. सिम्बा के ट्रेनर कुंडा बेहद भावुक नजर आए. नम आंखों के साथ उन्होंने सिम्बा का अंतिम संस्कार किया. कुंडा ने कहा कि वह सिर्फ एक डॉग नहीं था, बल्कि उनका साथी था, और यह क्षति उनके लिए कभी पूरी नहीं हो पाएगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com