एमपी में शराब लवर बदमाशों ने ठेके पर मांगा डिस्काउंट, मना किया तो सेल्समैन को मार दी गोली

भिंड जिले के अटेर थाना क्षेत्र में अंग्रेजी शराब की दुकान पर डिस्काउंट न देने से नाराज बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसमें सेल्समैन घायल हो गया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Madhya Pradesh Hindi News: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब मामूली विवाद भी खूनी वारदात में बदल रहा है. अटेर थाना क्षेत्र के प्रतापपुरा गांव में अंग्रेजी शराब की दुकान पर डिस्काउंट न देने से नाराज बदमाशों ने रात को फायरिंग कर दी. इस सनसनीखेज घटना में शराब दुकान पर काम करने वाला सेल्समैन गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल भिंड में भर्ती कराया गया है. घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है.

जानकारी के अनुसार, प्रतापपुरा गांव में भगवान ग्रुप के ठेके वाली अंग्रेजी शराब दुकान पर रविन्द्र यादव सेल्समैन के रूप में कार्यरत है. घटना के दिन भूरा भदौरिया, अर्पित कांकर सहित एक अन्य अज्ञात बदमाश दुकान पर पहुंचे और शराब खरीदने के दौरान डिस्काउंट की मांग करने लगे. सेल्समैन ने नियमों का हवाला देते हुए डिस्काउंट देने से इनकार कर दिया, जिससे बदमाश भड़क गए.

Advertisement

एक गोली हाथ में लगी, दूसरी मारने पर नहीं चली

विवाद बढ़ने पर बदमाशों ने दुकान के अंदर ही पिस्टल निकाल ली और गोली चला दी, जो सेल्समैन रविन्द्र यादव के हाथ में जा लगी. गोली लगते ही घायल रविन्द्र यादव घबराकर दुकान से बाहर की ओर भागा. आरोप है कि बदमाश यहीं नहीं रुके और उन्होंने बाहर भाग रहे सेल्समैन पर दूसरी बार फायरिंग करने का प्रयास किया. हालांकि, इस बार पिस्टल में कारतूस फंस गया, जिससे गोली नहीं चल सकी. इसके बाद तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए.

एक दिन पहले भी हुई थी कहासुनी

पुलिस जांच में सामने आया है कि शराब पर डिस्काउंट को लेकर एक दिन पहले भी सेल्समैन और बदमाशों के बीच कहासुनी हुई थी. उस दौरान रविन्द्र यादव ने बदमाशों की हरकतों का मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया था. इसी बात को लेकर बदमाश पहले से नाराज थे. बताया जा रहा है कि घटना के दिन बदमाशों ने सेल्समैन को चैलेंज देते हुए फायरिंग की.

तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

अटेर थाना पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है. पीड़ित का अस्पताल में इलाज जारी है. पुलिस ने मामले में भूरा भदौरिया, अर्पित कांकर सहित और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.

यहां पढ़ें मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ की ताजा खबरें- MP-Chhattisgarh News Live: एमपी में लोकायुक्त ने रंगेहाथ पकड़ा रिश्वतखोर पटवारी, भोपाल में 11वीं की छात्रा के साथ दुष्कर्म

Advertisement