'युद्ध के बाद देश में असमंजस की स्थिति', कांग्रेस नेता अरुण यादव बोले- सरकार ने गैस की सप्लाई ही रोक दी 

कांग्रेस नेता अरुण यादव ने खाड़ी युद्ध के बाद देश में बढ़ी अनिश्चितता और गैस सप्लाई रुकने को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. ग्वालियर में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि गैस के दाम बढ़ाने और सप्लाई बंद करने से जनता असमंजस में है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Arun Yadav Statement on Government: खाड़ी युद्ध के बाद देश में बने हालातों को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता अरुण यादव ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है. उनका कहना है कि हालात इतने अनिश्चित हो गए हैं कि पहले कुकिंग गैस के दाम बढ़ाए जाते हैं और बाद में गैस बाजार से गायब ही हो जाती है. यादव का आरोप है कि सरकार की नीतियों की वजह से जनता लगातार असमंजस की स्थिति में है.

गैस सप्लाई और कीमतों को लेकर सरकार पर निशाना

अरुण यादव ने ग्वालियर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि खाड़ी युद्ध के बाद देश में अनिश्चितता का माहौल बढ़ा है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा देती है और दूसरी ओर गैस की सप्लाई ही रुक जाती है. उनके मुताबिक, सरकार की इस अस्थिर नीति से आम आदमी परेशान है और उसे समझ नहीं आ रहा कि आगे क्या होगा?

होली मिलन समारोह में संभाग के नेताओं से मुलाकात

दरअसल, अरुण यादव ग्वालियर में पूर्व मंत्री बालेदु शुक्ला द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में शामिल होने पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि संभाग के सभी नेताओं ने उन्हें आशीर्वाद दिया और सभी मिलकर मिशन 2028 पर काम कर रहे हैं. यादव ने विश्वास जताया कि अगली सरकार प्रदेश में कांग्रेस की ही बनेगी.

विजयपुर सीट के फैसले पर प्रतिक्रिया 

एमपी हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ द्वारा विजयपुर विधानसभा सीट पर दिए हालिया फैसले पर भी उन्होंने अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि आदिवासी विधायक मल्होत्रा 8 हजार वोटों से जीतकर सदन पहुंचे थे, लेकिन कोर्ट के आदेश से उन्हें हटाकर सीधे भाजपा उम्मीदवार राम निवास रावत को विधायक घोषित कर दिया गया. यादव ने कहा कि यह फैसला सभी को असमंजस में डालने वाला है और कांग्रेस इस मामले को सुप्रीम कोर्ट ले जाएगी.

Advertisement

'इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ'- अरुण यादव

यादव ने कहा कि उन्होंने इससे पहले कभी ऐसा नहीं सुना कि चुनाव रद्द न हो, दोबारा चुनाव न हो, बल्कि सीधे किसी अन्य व्यक्ति को विधायक घोषित कर दिया जाए. उन्होंने इसे इतिहास में पहली बार होने वाली घटना बताया और कहा कि कांग्रेस इस मामले में कानूनी रूप से पूरी मजबूती से लड़ाई लड़ेगी.