मैहर जिले में अवैध डीजल-पेट्रोल के कारोबार के खिलाफ मैहर कलेक्टर एसपी ने एक्शन लिया है. कलेक्टर रानी बाटड़ और पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने अमदरा थाना क्षेत्र के घुनवारा और सभागंज इलाके में संचालित अवैध ईंधन कारोबार पर छापेमारी की. करीब 9 ठिकानों में दबिश देकर 18 लाख रुपये कीमत का 20 हजार लीटर डीजल जब्त किया गया. इसके अलावा अवैध शराब भी जब्त की गई है.
इस कार्रवाई के दौरान क्षेत्र के कई ढाबों की सघन जांच की गई. जांच में बाबूजी ढाबा पर अवैध रूप से डीजल का भंडारण मिला, जहां से एक टैंकर सहित भारी मात्रा में डीजल जब्त किया. मौके पर कई ड्रमों में डीजल भरा था, जिसे बिना किसी वैध अनुमति के इकट्ठा किया हुआ था. प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए टैंकर क्रमांक एमपी 19 एच ए 6245 को भी जब्त कर लिया.
मिल रहीं थी शिकायतें
अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से अवैध ईंधन के कारोबार की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह संयुक्त कार्रवाई की गई. छापामारी के दौरान संबंधित ढाबा संचालकों से दस्तावेजों की भी जांच की, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं. प्रशासन का कहना है कि अवैध रूप से डीजल-पेट्रोल का भंडारण और बिक्री न केवल राजस्व को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि यह सुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर खतरा पैदा करती है. इस तरह के मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अन्य अवैध कारोबारियों में भी डर का माहौल है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और लगातार निगरानी रखी जाएगी.
टीम को देखकर टैंकर छोड़कर ड्राइवर फरार
जिला प्रशासन ने ढाबा की आड़ में चल रहे अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया, जिसके बाद एक टैंकर को जब्त किया है, प्राथमिक जांच में पता चला कि ड्राइवर अवैध रूप से डीजल बेचने पहुंचा था, इससे पहले की वह डीजल निकलता तभी टीम पहुंच गई. टैंकर मालिक ने बताया कि टैंकर जबलपुर से लोड होने के बाद जैन टंकी अमरपाटन जाना था, हालांकि वह पहले ही ढाबा पहुंच कर बेचने की तैयारी में था. फिलहाल डीजल तस्करी के कुल 9 प्रकरण दर्ज किए हैं.
अवैध रूप से भंडारित 15 सिलेंडर जब्त
इधर अमरपाटन शहर में घरेलू गैस सिलेंडर की हो रही तस्करी के मामले में एसडीओपी में कार्रवाई करते हुए 15 सिलेंडर जब्त किए हैं. बताया जाता है कि इंडेन गैस सर्विस के नाम पर नरेंद्र चौरसिया लोगों से दलाली कर रहा था. सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने नरेंद्र चौरसिया के कब्जे से 15 सिलेंडर रिजेक्ट किया. वहीं, घर में दबिश देने के बाद 6 पेटी अवैध शराब और पांच खाली सिलेंडर भी बरामद किए हैं. इस मामले में पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीबद्ध किया है.
मैहर की कलेक्टर रानी बाटड़ ने बताया कि आज अवैध डीज़ल पेट्रोल के अवैध भंडारण के विरुद्ध और अवैध गैस सिलेंडर के भंडारण के विरुद्ध कार्यवाही की गई है, जिसमें 9 प्रकरण में 20 हजार लीटर जिसकी कीमत लगभग 18 लाख रुपए डीज़ल और पेट्रोल जब्त किया है. इनके विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की है. इसी प्रकार अमरपाटन क्षेत्र में लगभग 15 गैस सिलेंडर अवैध भंडारण के रूप में जब्त किए हैं उनके विरुद्ध भी EC एक्ट में कार्यवाही की जा रही है और जिले में लगातार इस प्रकार की कार्यवाही जारी रहेगी.