जान जोखिम में डालकर चंबल पार कर रहे लोग, ओवरलोड नाव में बाइकें और यात्री देख उठे सवाल

चंबल नदी में तेज बहाव के बीच लोगों और बाइकों से भरी ओवरलोड नाव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में सुरक्षा के कोई इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं, जिससे बड़े हादसे की आशंका बढ़ गई है. साहसपुरा घाट पर नाव संचालन की वैधता और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins

चंबल नदी के तेज बहाव के बीच लोगों की जान से खिलवाड़ करने का एक चिंताजनक मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दर्जनों लोग और कई दुपहिया वाहन एक नाव में सवार होकर चंबल नदी पार करते दिखाई दे रहे हैं. हैरानी की बात यह है कि नाव पर सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं. बरसात के मौसम में जब चंबल उफान पर है और नदी का जलस्तर लगातार बढ़ा हुआ है, ऐसे समय में इस तरह का आवागमन किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा माना जा रहा है.  

साहसपुरा घाट का बताया जा रहा है वीडियो

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो जिले के नगरा थाना क्षेत्र के साहसपुरा घाट का बताया जा रहा है. वीडियो में साफ दिखाई देता है कि नदी पार कराने के लिए एक नाव का उपयोग किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग सवार हैं. इसके साथ ही कई मोटरसाइकिलें भी नाव पर लदी हुई दिखाई दे रही हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में नदी का बहाव काफी तेज रहता है, ऐसे में इस तरह का सफर बेहद जोखिम भरा हो सकता है.

Advertisement

सुरक्षा इंतजाम नजर नहीं आए

वीडियो में नाव पर किसी भी तरह के सुरक्षा उपकरण दिखाई नहीं दे रहे हैं. न तो यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट नजर आ रही है और न ही कोई अन्य सुरक्षा संसाधन. इतना ही नहीं, नाव के किनारों पर सुरक्षा बैरिकेड या घेराबंदी भी दिखाई नहीं देती. ऐसे में यदि बीच नदी में कोई तकनीकी समस्या या संतुलन बिगड़ने जैसी स्थिति बन जाए तो बड़ा हादसा हो सकता है.

नाव संचालक किराया मांगता भी सुनाई दिया

वायरल वीडियो में नाव संचालक यात्रियों से नदी पार कराने के बदले रुपये मांगता हुआ भी सुनाई दे रहा है. इससे यह सवाल उठ रहा है कि क्या इस नाव का संचालन विधिवत अनुमति के साथ किया जा रहा है या नहीं. स्थानीय स्तर पर अब यह चर्चा का विषय बन गया है कि वर्षाकाल के दौरान इस तरह यात्रियों और वाहनों का परिवहन नियमों के तहत हो रहा है या नहीं.

अनुमति और नियमों पर उठे सवाल

मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि चंबल नदी में आवागमन के लिए नाव संचालन की अनुमति मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के संबंधित विभागों से ली गई है या नहीं. यदि बिना अनुमति के नाव चलाई जा रही है तो यह शासन के नियमों का उल्लंघन माना जाएगा. प्रशासनिक स्तर पर अब इस पहलू की भी जांच की जाने की बात कही जा रही है.

पुलिस ने जांच के दिए निर्देश

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया है. वरिष्ठ अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारियों को पूरे मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं. पुलिस का कहना है कि नाव संचालन, सुरक्षा मानकों और अनुमति संबंधी सभी पहलुओं की जांच की जाएगी. जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

बड़े हादसे की आशंका से चिंतित ग्रामीण

वायरल वीडियो देखने के बाद इलाके के ग्रामीण भी हैरानी जता रहे हैं. उनका कहना है कि बरसात के मौसम में चंबल नदी का बहाव बेहद खतरनाक होता है और ऐसे में लोगों व वाहनों से भरी नाव का संचालन किसी भी समय गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है.