छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा जारी सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा के परिणामों में कुछ असामान्य और अजीबोगरीब नामों को लेकर छिड़ा विवाद अब चरम पर पहुंच गया है. रिजल्ट की सूची में "स्पेस रानी" और "न्यूज" जैसे नाम देखकर सोशल मीडिया पर तंज कसे जाने लगे और कांग्रेस ने चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए. हालांकि, विवाद गहराने के बाद वे अभ्यर्थी मीडिया के सामने आ गए हैं, जिनके नामों पर विवाद हो रहा है.
जिनके नाम पर बवाल, वे चयनित अभ्यर्थियों क्या बोले
- नामों पर शुरू हुए बवाल के बीच चयनित अभ्यर्थियों ने अपनी मार्कशीट और आधार कार्ड जैसे आधिकारिक दस्तावेज सामने रखकर स्थिति साफ की है.
- चयनित अभ्यर्थी हेराम ने कहा- उसके सभी आधिकारिक दस्तावेजों- आधार कार्ड, मार्कशीट और अन्य रिकॉर्ड्स में यही नाम दर्ज है. मेरे नाम को लेकर जो भी सवाल उठाए जा रहे हैं, वे पूरी तरह गलत हैं.
- न्यूज नाम के चयनित अभ्यर्थी ने कहा- उसका पूरा नाम न्यूज कुमार प्रधान है, सीजीपीएससी एसआई परीक्षा में मेरा चयन हुआ है. रिजल्ट में नाम को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है, जबकि उसके सभी दस्तावेजों में यही नाम है.
- तुफैल ने कहा- रिजल्ट आने के बाद उसके नाम को लेकर जो कहा जा रहा है, वो सब गलत है. उसका नाम वास्तविक हैं, जो सभी दस्तावेजों पर हैं.
बीजेपी का हमला, कहा- 'युवाओं से माफी मांगे कांग्रेस'
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोला. उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिना तथ्यों की जांच किए केवल अफवाहें फैला रही है और प्रदेश के युवाओं को गुमराह करने की साजिश रच रही है. साव ने मांग की कि राजनीतिक लाभ के लिए ऐसा भ्रम फैलाने पर कांग्रेस को राज्य के परीक्षार्थियों और युवाओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए.
कांग्रेस अपने रुख पर कायम, कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि विवाद व्यक्तिगत नामों का नहीं, बल्कि पीएससी की कार्यप्रणाली और लापरवाही का है. उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसी अभ्यर्थी का पूरा नाम 'न्यूज कुमार प्रधान' है, तो आधिकारिक रिजल्ट शीट में केवल "न्यूज" क्यों लिखा गया? इस तरह की अधूरी प्रविष्टियां और त्रुटियां भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर संदेह पैदा करती हैं.
MBA स्टूडेंट को 1600 में से दे दिए 1604 नंबर, विक्रम विश्वविद्यालय का कारनामा, रिजल्ट में गड़बड़ी