Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से एक दुखद घटना सामने आई है. अपने वार्ड का भ्रमण कर रहे भाजपा पार्षद लोकेश डेहरिया (46) को अचानक हार्ट अटैक आ गया, जिससे उनकी मौत हो गई. इस घटना से आसपास के लोग स्तब्ध हैं.
जानकारी के अनुसार, लोकेश डेहरिया वार्ड-47 से पार्षद थे और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष भी थे. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लोकेश डेहरिया बुधवार रात लगभग 10:45 बजे अपने वार्ड का भ्रमण कर रहे थे. सिद्धिविनायक रेजीडेंसी के सामने सड़क पर पैदल चलते समय फोन पर बात भी कर रहे थे, तभी वह अचानक असंतुलित होकर गिर पड़े.
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों ने उन्हें बचाने के प्रयास किए, लेकिन उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हुई है, जिसमें वे चलते-चलते अचानक गिरते हुए दिखाई दे रहे हैं. लोकेश डेहरिया नगर निगम में भाजपा के सक्रिय पार्षद होने के साथ-साथ भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष के रूप में भी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे थे.
लोकेश डेहरिया 2022 में भाजपा से पार्षद बने थे. वह इससे पहले भी पार्षद रह चुके हैं. उनके निधन ने परिवार में शोक का माहौल है, उनके दो बच्चे बेटा और बेटी हैं.
ये भी पढ़ें- रेलवे ने खोद रखा था गड्ढा, काम पूरा होने पर नहीं दबाया, पानी भरा तो नहाने कूदे तीन बच्चे; मौत