Madhya Pradesh Hindi News: सतना जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कोठी रोड पर मिक्सर मशीन को ट्रैक्टर से खींचने के दौरान तार में फंसकर बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, उसके दो रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे गढ़िया टोला कब्रिस्तान के पास किसी कॉन्ट्रैक्टर का कर्मचारी ट्रैक्टर के पीछे तार बांधकर भारी-भरकम मिक्सर मशीन को खींचकर सड़क की दूसरी तरफ ले जा रहा था.
तभी सिविल लाइन की तरफ से बाइक पर आए तीन युवक बुरी तरह तार से उछलने के बाद सड़क पर जा गिरे. इस भीषण हादसे में बाइक चला रहे अमरपाटन के रामजस पुत्र रामकृपाल चौधरी (45) की गर्दन तार में फंसने से बुरी तरह कट गई. इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि मृतक के मौसेरे भाई अरविंद पुत्र रामसिपाही चौधरी (38) और रामप्रसाद पुत्र हरिदीन चौधरी (40) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनको उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बरहों कार्यक्रम में शामिल होने आया था मृतक
पुलिस के मुताबिक मृतक और घायल तीनों आपस में मौसेरे भाई हैं. उनकी ही एक मौसेरी बहन की ससुराल बगहा में है, जिसके घर में सोमवार को बरहों कार्यक्रम चल रहा था. उसी आयोजन में शामिल होने के लिए रामजस बाइक से सतना पहुंचा, जहां सिविल लाइन में अरविंद और रामप्रसाद मिल गए.
इसके बाद तीनों बगहा के लिए निकले, मगर रास्ते में ही भीषण हादसे का शिकार हो गए. पुलिस ने फिलहाल शव को मरचुरी में रखवाते हुए ट्रैक्टर और मिक्सर मशीन को जब्त करते हुए जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें- Heart Attack के बाद जमीन पर गिरे फोटो जर्नलिस्ट की 300 सेकंड में बची जान, सागर में TI चौहान का कमाल