विज्ञापन

IIT कानपुर से इंजीनियरिंग, SSC में चयन और फिर शाहपुरा तालाब में मिला शव; 26 वर्षीय प्रियांश की संदिग्ध मौत

IIT कानपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई, SSC के जरिए टैक्स असिस्टेंट पद पर चयन और उज्ज्वल भविष्य की उम्मीदें... लेकिन भोपाल के शाहपुरा तालाब से 26 वर्षीय युवक का शव मिलने की खबर ने सभी को झकझोर दिया. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह आत्महत्या, हादसा या कोई अन्य मामला है.

IIT कानपुर से इंजीनियरिंग, SSC में चयन और फिर शाहपुरा तालाब में मिला शव; 26 वर्षीय प्रियांश की संदिग्ध मौत
भोपाल के शाहपुरा तालाब में IIT कानपुर के पूर्व छात्र का शव मिला, SSC में हुआ था चयन

भोपाल के शाहपुरा तालाब में 26 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान प्रियांशु के रूप में हुई है, जिसने आईआईटी कानपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी और हाल ही में एसएससी परीक्षा के माध्यम से टैक्स असिस्टेंट पद के लिए चयनित हुआ था. बताया जा रहा है कि एक-दो माह में उसकी जॉइनिंग होने वाली थी. परिजनों के अनुसार प्रियांशु सुबह डॉक्टर को दिखाने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा. बाद में शाहपुरा तालाब के पास उसका स्कूटर मिला और तलाश के दौरान तालाब से उसका शव बरामद किया गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

डॉक्टर के पास जाने की बात कहकर निकला था

जानकारी के अनुसार प्रियांशु भोपाल के एक प्रतिष्ठित परिवार से संबंध रखता था. उसके पिता भोपाल स्मार्ट सिटी में पटवारी के पद पर कार्यरत हैं, जबकि मां शिक्षिका हैं. प्रियांशु अपने माता-पिता की इकलौती संतान था. परिजनों ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे स्कूटर से डॉक्टर को दिखाने की बात कहकर घर से निकला था. काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटा तो परिवार के लोगों को चिंता हुई.

शाहपुरा तालाब के पास मिला स्कूटर

परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान शाहपुरा तालाब के किनारे उसका स्कूटर खड़ा मिला. इसके बाद आशंका गहराई और आसपास तलाश शुरू की गई. बताया जा रहा है कि बाद में तालाब में खोजबीन के दौरान प्रियांशु का शव मिला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की.

हाल ही में हुआ था टैक्स असिस्टेंट पद पर चयन

प्रियांशु ने आईआईटी कानपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी. परिजनों के मुताबिक हाल ही में एसएससी परीक्षा के जरिए उसका चयन टैक्स असिस्टेंट के पद पर हुआ था. उसकी नियुक्ति प्रक्रिया अंतिम चरण में थी और जल्द ही जॉइनिंग होने वाली थी. ऐसे में इस घटना ने परिवार और परिचितों को गहरे सदमे में डाल दिया है.

डिप्रेशन और एंजायटी का चल रहा था इलाज

परिजनों के अनुसार प्रियांशु पिछले कुछ समय से एंजायटी और डिप्रेशन से जूझ रहा था. उसका इलाज भी चल रहा था. परिवार की ओर से आशंका जताई गई है कि उसने तालाब में डूबकर आत्महत्या की हो सकती है. हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है.

पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच

चूनाभट्टी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट किया जाएगा कि मामला आत्महत्या का है, दुर्घटना का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है. फिलहाल पुलिस परिजनों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है तथा घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी हुई है.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

प्रियांशु की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन, प्रतिष्ठित संस्थान से शिक्षा और सरकारी नौकरी में चयन के बाद उसका भविष्य उज्ज्वल माना जा रहा था. ऐसे में अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार और परिचितों को स्तब्ध कर दिया है. पुलिस जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सके.

यह भी पढ़ें : MP में अगले 4 दिन भारी बारिश नहीं; किसानों की बढ़ी टेंशन, छत्तीसगढ़ में आज गरज-चमक और बारिश के आसार

यह भी पढ़ें : 32 लाख की ट्रांसपोर्ट धोखाधड़ी; चार महीने बाद आरोपी गिरफ्तार, फर्जी बिल और डुप्लीकेट वाउचर से हुआ ठगी का खेल

यह भी पढ़ें : 3 साल तक स्कूल से गायब रहा प्रधान पाठक; छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हुई, अब नौकरी गई... सेवा से बाहर

यह भी पढ़ें : 15 घंटे तक कुएं में फंसा रहा भालू, फिर ऐसे बचाई गई जान; JCB और बांस के सहारे रेस्क्यू का रोमांचक ऑपरेशन

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close