सेज यूनिवर्सिटी कैंपस में फायरिंग का मामला: मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

सेज यूनिवर्सिटी कैंपस के पास हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. कटाराहिल्स थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी सुधांशु सिंह को गिरफ्तार कर उसका जुलूस निकाला. पार्टी के शोर को लेकर हुए विवाद में दो छात्रों को गोली मारी गई थी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Sage University Firing Case: भोपाल की सेज यूनिवर्सिटी कैंपस के पास हुई फायरिंग की वारदात में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है. कटाराहिल्स पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के बाद उसका जुलूस भी निकाला. इस घटना ने यूनिवर्सिटी क्षेत्र में दहशत फैला दी थी और लगातार छात्र व स्थानीय लोग कार्रवाई की मांग कर रहे थे.

सेज सन सिटी कॉलोनी में हुई थी फायरिंग

यह मामला सेज यूनिवर्सिटी कैंपस के पास स्थित सेज सन सिटी कॉलोनी का है. यहां छात्रों के एक फ्लैट में पार्टी के दौरान शोर-शराबे को लेकर विवाद हुआ था. मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई और फायरिंग तक पहुंच गई.

Advertisement

पार्टी के शोर को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, सेज यूनिवर्सिटी के छात्र अनिकेत शर्मा और ओम तिवारी अपने फ्लैट में पार्टी कर रहे थे. शोर ज्यादा होने पर उसी बिल्डिंग में रहने वाले सुधांशु साहू, उनके दोस्त अंशुतेज पाटिल और हरीश दुबे ने आपत्ति जताई. इसी बात को लेकर दोनों पक्ष नीचे आ गए और बहस शुरू हो गई.

झगड़े के बीच चली गोली, दो छात्र घायल

बहस के दौरान पार्टी में शामिल सुधांशु सिंह ने अचानक पिस्टल निकालकर गोली चला दी. इस फायरिंग में अंशुतेज पाटिल के साथ वहां टहल रहे वासु गुप्ता को भी गोली लग गई, जबकि वासु इस विवाद में शामिल तक नहीं था. दोनों घायलों को इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया. घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए अनिकेत शर्मा, ओम तिवारी और आरोपियों को पनाह देने वाले छात्र राजवीर को गिरफ्तार कर लिया था. हालांकि, फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपी सुधांशु सिंह घटना के बाद से फरार चल रहा था.

गिरफ्तारी के बाद निकाला गया जुलूस

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गईं. कोटा (राजस्थान) और शहडोल समेत कई जगहों पर छापेमारी की गई. लगातार दबिश के बाद पुलिस ने सुधांशु सिंह को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया. आरोपी को पकड़ने के बाद कटाराहिल्स पुलिस ने इलाके में उसका जुलूस निकाला. पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि उसके पास पिस्टल कहां से आई और क्या इस मामले में कोई और भी शामिल है.

यूनिवर्सिटी क्षेत्र में पुलिस की सख्ती

इस घटना के बाद सेज यूनिवर्सिटी और आसपास के इलाकों में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है. प्रशासन का कहना है कि छात्रों के बीच ऐसी घटनाओं को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. 

Advertisement