भोपाल में पार्टी बनी मातम, रिसोर्ट के स्विमिंग पूल में डूबने से 22 वर्षीय युवक की मौत, 20 मिनट बाद मिला शव

भोपाल के एक रिसोर्ट में स्विमिंग पूल में डूबने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई. दोस्तों के साथ पार्टी के दौरान युवक अचानक गायब हो गया और 20 मिनट बाद पूल में उसका शव मिला. बताया जा रहा है कि युवक को तैरना नहीं आता था.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Swimming Pool Death Bhopal: भोपाल में दोस्तों के साथ मस्ती करने गया एक युवक कब हादसे का शिकार हो गया, किसी को अंदाजा भी नहीं लगा. कजलीखेड़ा स्थित एक रिसोर्ट में पार्टी के दौरान 22 वर्षीय कुनाल महावत की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई. करीब 20 मिनट तक उसे तलाशा गया, लेकिन जब तक वह मिला, बहुत देर हो चुकी थी. इस घटना ने एक बार फिर लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

रिसोर्ट में पार्टी के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, कुनाल महावत अपने दोस्तों के साथ केके रिसोर्ट में पार्टी करने गया था. उसके साथ अनीकेत शाक्य समेत कुल चार दोस्त मौजूद थे. माहौल पूरी तरह सामान्य था, सभी दोस्त मिलकर समय बिता रहे थे. किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में यह खुशी मातम में बदल जाएगी.

Advertisement

अचानक गायब हुआ कुनाल

दोस्तों के अनुसार, कुछ समय बाद कुनाल अचानक वहां से नजर नहीं आया. पहले तो सभी को लगा कि वह कहीं बाहर गया होगा या किसी और जगह बैठा होगा. लेकिन जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटा, तो दोस्तों को चिंता होने लगी और उसकी तलाश शुरू की गई.

20 मिनट बाद पूल में मिला शव

करीब 20 मिनट तक तलाश करने के बाद दोस्तों ने स्विमिंग पूल में देखा तो कुनाल की बॉडी पानी में तैरती नजर आई. यह देखकर वहां मौजूद सभी लोग घबरा गए. तुरंत उसे बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

तैरना नहीं जानता था युवक

बताया जा रहा है कि कुनाल को ठीक से तैरना नहीं आता था. ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि वह गलती से गहरे पानी में चला गया और खुद को संभाल नहीं पाया. फिलहाल, इस पहलू को ध्यान में रखते हुए पुलिस भी मामले की जांच कर रही है.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

कुनाल अपने परिवार का इकलौता सहारा था. उसकी मां और छोटा भाई मानसिक रूप से बीमार हैं, जबकि पिता छोटी-मोटी नौकरी कर किसी तरह घर चला रहे हैं. ऐसे में कमाने वाले बेटे की अचानक मौत ने पूरे परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है.

Advertisement

पुलिस कर रही है जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रिसोर्ट में किसी तरह की लापरवाही तो नहीं हुई. जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह महज हादसा था या इसमें किसी की गलती भी शामिल है.