भोपाल नगर निगम की नई बिल्डिंग में हादसा! दो फीट के गैप में से गिरने से बुजुर्ग की मौत

भोपाल नगर निगम की नई बिल्डिंग में बड़ा हादसा उस समय हो गया, जब “हाउसिंग फॉर ऑल” की जानकारी लेने आए एक बुजुर्ग दो फीट के गैप से नीचे गिरकर मौत का शिकार हो गए. करोड़ों की लागत से बनी इस इमारत में सुरक्षा खामियों को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Bhopal Municipal Building Accident: भोपाल नगर निगम की नई बिल्डिंग में एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें दो फीट के गैप से गिरने पर एक बुजुर्ग की मौत हो गई. हादसा उस समय हुआ जब बुजुर्ग बिल्डिंग में “हाउसिंग फॉर ऑल” से संबंधित जानकारी लेने पहुंचे थे. नगर निगम के करोड़ों की लागत से बने नए मुख्यालय में सुरक्षा खामियों को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं, और यह घटना उन चिंताओं को और गहरा कर गई है.

बुजुर्ग दो फीट के गैप से नीचे गिरे

लिंक रोड नंबर‑2 पर बने नगर निगम के नए मुख्यालय में बुजुर्ग जानकारी लेने पहुंचे थे. इसी दौरान पोर्च की बाउंड्रीवॉल में मौजूद लगभग डेढ़ से दो फीट के गैप से वे नीचे गिर गए. गिरने के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा‑तफरी मच गई.

Advertisement

नगर निगम अध्यक्ष ने दी प्रतिक्रिया

भोपाल नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने इस घटना को दुखद बताया. उन्होंने कहा कि पुलिस जांच कर रही है कि बुजुर्ग वहां तक कैसे पहुंचे और उनकी पहचान भी की जा रही है. निगम प्रशासन ने जांच पूरी होने तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है.

अभी तक नहीं हुआ है बिल्डिंग का उद्घाटन

करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह नई बिल्डिंग अभी आधिकारिक तौर पर उद्घाटित भी नहीं हुई है. इसके बावजूद कुछ विभाग यहां से काम कर रहे हैं. सुरक्षा और निर्माण की खामियों को लेकर पहले भी इस भवन पर सवाल उठ चुके हैं.

मीडिया को अंदर जाने से रोका गया

हादसे की खबर मिलते ही मीडिया कर्मी कवरेज के लिए पहुंचे, लेकिन उन्हें बिल्डिंग परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई. निगम कर्मचारियों ने यह कहते हुए रोक लगा दी कि जांच टीम के आने तक किसी को अंदर नहीं भेजा जाएगा.

बिल्डिंग में कई सुरक्षा खामियां पहले भी उजागर हुईं

नगर निगम की इस नई इमारत में सुरक्षा और निर्माण को लेकर समय‑समय पर आपत्तियां उठती रही हैं. मीटिंग हॉल जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी, और सीढ़ियों के पास बने बड़े गैप जैसे कई डिजाइन संबंधी मुद्दे पहले भी चर्चा में रहे हैं. यह हादसा इन खामियों को और गंभीर रूप से उजागर करता है.

Advertisement