भोपाल में युवक की हत्या: जिगरी दोस्त ही बने निखिल के जानी दुश्मन, चाकू-छुरी से गोदकर उतारा मौत के घाट

Bhopal Crime News के तहत कोलार के दामखेड़ा में 22 वर्षीय निखिल सितोले की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई में आरोपियों ने 10 से ज्यादा वार किए. एक आरोपी गिरफ्तार, बाकी फरार.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कोलार इलाके के सर्वधर्म दामखेड़ा में 22 वर्षीय युवक निखिल सितोले की बेरहमी से हत्या कर दी गई. निखिल पेशे से पुताई ठेकेदार था. आरोपियों ने उस पर चाकू-छुरी से ताबड़तोड़ वार कर वारदात को अंजाम दिया.

पहले दोस्ती, फिर दुश्मनी बनी मौत की वजह

जानकारी के मुताबिक, मृतक और आरोपी पहले आपस में दोस्त थे. लेकिन आरोपियों की आपराधिक गतिविधियों और इलाके में दहशत फैलाने की हरकतों के कारण निखिल ने उनसे दूरी बना ली थी. वह उनके गलत कामों का खुलकर विरोध करता था, जिससे आरोपी उससे रंजिश रखने लगे थे.

Advertisement

घर के बाहर खड़े निखिल पर ताबड़तोड़ हमला

घटना की रात निखिल अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी आरोपी धनु, गोविंद, आशीष, जुगल और गन्नू वहां पहुंचे और उस पर चाकू-छुरी से 10 से ज्यादा वार कर दिए. हमले के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए. 

Bhopal Kolar Murder Case 22-Year-Old Nikhil Stabbed to Death in Damkheda

पेट में गहरा वार, हालत हुई गंभीर

हमले में निखिल के पेट, हाथ और पैरों पर कई गंभीर चोटें आईं. पेट में गहरा वार होने से उसकी आंतें तक बाहर आ गई थीं. परिजन उसे लहूलुहान हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान तड़के उसकी मौत हो गई.

वर्चस्व की लड़ाई और पुरानी रंजिश

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्याकांड इलाके में वर्चस्व कायम करने और पुरानी रंजिश के चलते किया गया. आरोपी आए दिन इलाके में दहशत फैलाते थे और विरोध करने वालों के साथ मारपीट करते थे. बताया जा रहा है कि आरोपी कुछ दिन पहले ही हत्या के प्रयास के मामले में जेल से जमानत पर बाहर आए थे. इसके बावजूद उन्होंने फिर से गंभीर वारदात को अंजाम दे दिया.

एक आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी

कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी के अनुसार, मुख्य आरोपी धनु को गिरफ्तार कर लिया गया है. अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, मृतक निखिल के खिलाफ भोपाल और इंदौर में मारपीट के तीन मामले दर्ज थे. पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. 

ये भी पढ़ें- 'मुझसे अब और नहीं जिया जाएगा',  92% नंबर लाकर भी नहीं जी पाई 10वीं की छात्रा, टीचर्स के तानों ने ली जान!

Advertisement
Topics mentioned in this article