भोपाल में टैक्सी चालकों की हड़ताल, 3 दिन नहीं दौड़ेंगी गाड़ियां; 3500 से ज्यादा ड्राइवर सड़कों पर उतरे

भोपाल में 18 से 20 अगस्त तक 3 दिन की टैक्सी हड़ताल है. करीब 3500 टैक्सी चालक हड़ताल पर हैं. मंगलवार से शुरू हुई इस हड़ताल से एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और शहर के अंदर लोकल ट्रैवल प्रभावित हो रहा है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
भोपाल में 3500 टैक्सी चालक 3 दिन की हड़ताल पर.

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अपनी कई मांगों को लेकर टैक्सी चालकों ने मोर्चा खोल दिया है. उन्होंने शहर में तीन दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी है, जो 20 अगस्त तक जारी रहेगी. लगभग 3500 टैक्सी चालकों की मंगलवार से शुरू हुई हड़ताल के कारण भोपाल में आवागमन पर प्रभाव पड़ रहा है.

क्या हैं मांगें

हड़ताल कर रहे टैक्सी चालकों का कहना है कि उनकी आजीविका पर संकट गहराता जा रहा है. उनकी प्रमुख मांगों में मुख्य रूप से उचित और तय किराया लागू किया जाना शामिल है. इसके अलावा चालकों की मांग है कि प्रशासन की ओर से तय किराए पर ही टैक्सी चलाने के कड़े निर्देश जारी किए जाएं.

चालकों ने यह भी आरोप लगाया है कि निजी (White Number Plate) वाहनों का धड़ल्ले से व्यावसायिक इस्तेमाल किया जा रहा है, जिस पर तत्काल प्रभाव से रोक लगनी चाहिए.

एग्रीगेटर कंपनियों की मनमानी से हैं परेशान

टैक्सी चालकों का यह भी कहना है कि विभिन्न कैब एग्रीगेटर कंपनियों की मनमानी और कम किराए के कारण उनका घर चलाना मुश्किल हो गया है. चालकों की आर्थिक समस्याओं का समाधान करने और एग्रीगेटर कंपनियों पर नकेल कसने की मांग को लेकर वे लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. इस तीन दिन की हड़ताल से यात्रियों को शहर में आवाजाही के दौरान भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

ये भी पढ़ें- मोहन कैबिनेट का फैसला: लाड़ली बहना, लाड़ली लक्ष्मी, स्वास्थ्य योजना, नर्मदा मिशन के लिए 1.46 लाख करोड़ स्वीकृत